ऊधम सिंह शहीदी दिवस व मुंशी प्रेमचंद जयंती पर ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
नरवाना,/30 जुलाई 2026 //अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /नरेन्द्र जेठी
आज जनता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेलरखा में भारत के महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस तथा हिंदी साहित्य के युगप्रवर्तक लेखक मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, साहित्य के प्रति रुचि, सामान्य ज्ञान, तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार टीमों में विभाजित किया गया, जिनके बीच इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, हिंदी साहित्य, सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक विषयों पर रोचक प्रश्न पूछे गए।
सभी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परिचय दिया। कड़े एवं रोमांचक मुकाबले के बाद टीम डी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में निधि, तेजल, कामना, अनुष्का एवं अंजलि शामिल रहीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट ज्ञान, टीम भावना एवं आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
इस प्रतियोगिता की अध्यक्षता एवं सफल संचालन विद्यालय के पंजाबी अध्यापक श्री सरबजीत सिंह तथा विज्ञान अध्यापक श्री परवीन सिंहमार ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं होतीं, बल्कि विद्यार्थियों में त्वरित निर्णय क्षमता, तार्किक सोच, नेतृत्व कौशल तथा टीम भावना का भी विकास करती हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता मोर ने विजेता टीम एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “शहीद ऊधम सिंह का अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जबकि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य हमें सत्य, संवेदनशीलता, सामाजिक समानता और मानवीय मूल्यों का संदेश देता है।
विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तक आधारित शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें नैतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों से भी जोडऩा है। इस प्रकार की ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, बौद्धिक विकास तथा प्रतियोगी भावना को सशक्त बनाती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा विजेता टीम डी तथा सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।

