भाजपा सांसद कंगना रनौत और शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी के पुतले फूंके
कंगना रनौत का बयान, छात्राओं का नहीं बल्कि देश की करोड़ों बेटियों का अपमान
कंगना ने छात्र आंदोलन में शामिल बेटियों पर “गटर छाप जनरेशन” टिप्पणी की
हरियाणा महिला कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए
प्रहलाद जोशी ने बिलकिस बानो केस में दोषियों का सार्वजनिक समर्थन किया
पढ़ने वाली करोड़ों छात्राओं का विश्वास और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो
फतह सिंह उजाला/30 जुलाई 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /गुरुग्राम
भाजपा सांसद कंगना रनौत के विवादित बयान तथा नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति के विरोध में महिला कांग्रेस के द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए उनके पुतले फूंके गए। यह प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के देशव्यापी आह्वान पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट पर्ल चौधरी के नेतृत्व में पूरे हरियाणा में किया गया।
पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में छात्र आंदोलन में शामिल देश की युवा बेटियों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें “गटर छाप जनरेशन” बताया और यह तक कहा कि वे अच्छी गृहिणी भी नहीं बन सकतीं।
उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल छात्राओं का बल्कि देश की करोड़ों बेटियों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास कायम करने में विफल रही है। देशभर में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। ऐसे समय में छात्रों की आवाज उठाने वाली बेटियों का अपमान करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील है।
पर्ल चौधरी ने नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस नियुक्ति पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्भवती बिलकिस बानो के साथ सामूहिक बलात्कार करने वालों की सजा में रियायत और रिहाई के निर्णयों का समर्थन प्रह्लाद जोशी सार्वजनिक रूप से कर चुके हैं,
इससे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति उनकी सोच पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि देशभर के विद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ने वाली करोड़ों छात्राओं का विश्वास और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
किसान आंदोलन में मां और छात्र आंदोलन में बेटी का अपमान
कांग्रेस नेत्री पर्ल चौधरी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कंगना रनौत ने संवेदनहीन बयान दिया हो। इससे पहले किसान आंदोलन के दौरान भी उन्होंने आंदोलनकारी किसानों और महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणियां की थीं।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में देश की माताओं का अपमान किया गया था और अब छात्र आंदोलन में देश की बेटियों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को यह समझना चाहिए कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की जिम्मेदारी होती है।
करोड़ों युवाओं और बेटियों के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी समाज में गलत संदेश देती है। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ऐसे बयानों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
पर्ल चौधरी ने कहा कि कंगना रनौत को दूसरों को सीख देने से पहले स्वयं आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला मातृत्व का अनुभव करती है, तब उसे नई पीढ़ी की भावनाओं और संघर्षों का अधिक गहराई से एहसास होता है।
क्या हरियाणा भाजपा अध्यक्ष कंगना रनौत के बयान से सहमत ?
हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे कंगना रनौत के इस बयान से सहमत हैं ?
क्या भाजपा मानती है कि आज की Gen Z बेटियां अच्छी गृहिणी नहीं बन सकतीं ? यदि नहीं, तो भाजपा नेतृत्व को इस बयान से सार्वजनिक रूप से असहमति जतानी चाहिए। पर्ल चौधरी ने कहा कि हरियाणा पहले ही घटते लिंगानुपात जैसी गंभीर सामाजिक चुनौती का सामना कर रहा है।
ऐसे समय में महिलाओं और बेटियों के प्रति अपमानजनक एवं नफरत फैलाने वाले बयान समाज में नकारात्मक मानसिकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मांग की कि भाजपा नेतृत्व कंगना रनौत के बयान पर अपनी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट करे और देश की बेटियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
24 घंटे में महिला कांग्रेस संगठन ने खोला मोर्चा
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा के मात्र 24 घंटे के भीतर संगठन ने सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में एक साथ विरोध प्रदर्शन कर अपनी सक्रियता का परिचय दिया। रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, सिरसा, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, झज्जर, हिसार, पानीपत, यमुनानगर, सोनीपत, पलवल सहित विभिन्न जिलों में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया।
Add A Comment

