छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि, “पिता की शिकायत पर हम स्कूल पहुंचे. स्कूल के टीचर भी बच्चे को खोजने लगे. इस बीच कुछ बच्चों ने स्कूल के पुराने बिल्डिंग के परिसर के पास उसका साइकिल देखा. बच्चे जब वहां पहुंचे तो उसका शव पड़ा था.
छछरौली /16 जुलाई 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
यमुनानगर के छछरौली से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर आई है। यहाँ के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं के छात्र कमलदीप का शव स्कूल की ही एक पुरानी और सुनसान पड़ी बिल्डिंग के कमरे में मिला है। बुधवार दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद से ही कमलदीप लापता था, जिसके बाद से घर में कोहराम मचा हुआ था।
परिजनों ने बताया कि कमलदीप रोजाना की तरह बुधवार सुबह स्कूल के लिए निकला था। लेकिन जब छुट्टी के बाद देर शाम तक वह घर नहीं लौटा, तो घरवालों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने रातभर अपने स्तर पर उसकी तलाश की, रिश्तेदारों और दोस्तों के यहाँ फोन घुमाए, लेकिन उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चला।
अगली सुबह यानी गुरुवार को जब स्कूल खुला, तो कमलदीप के पिता नवाब सिंह उसे ढूंढते हुए स्कूल पहुंचे। इसी दौरान स्कूल के कुछ बच्चों की नजर परिसर में खड़ी कमलदीप की साइकिल पर पड़ी। साइकिल देखकर सबको शक हुआ कि बच्चा स्कूल के अंदर ही कहीं है। इसके बाद स्कूल स्टाफ और परिजनों ने मिलकर तलाश शुरू की।
खोजबीन करते हुए जब लोग स्कूल की पुरानी और सुनसान पड़ी बिल्डिंग की तरफ गए, तो वहाँ एक कमरे का मंजर देखकर सबके पैर तले जमीन खिसक गई। कमरे के अंदर कमलदीप का शव पड़ा हुआ था। पास में ही उसकी साइकिल की चाबी और स्कूल बैग भी रखा था। स्कूल की प्रिंसिपल उषा रानी ने तुरंत डायल 112 पर फोन करके पुलिस को इसकी सूचना दी।
इस आत्मघाती कदम के पीछे की जो वजह सामने आ रही है, वह बेहद दर्दनाक है। मृतक छात्र के पिता नवाब सिंह ने बताया कि पिछले 5-6 सालों से उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिसके कारण उनकी पत्नी मायके में रह रही थीं। माता-पिता के इसी आपसी झगड़े और अलगाव की वजह से उनका इकलौता बेटा कमलदीप लंबे समय से भारी मानसिक तनाव में जी रहा था।
मामले की सूचना पाकर छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

