एसआईआर अभियान में नरवाना का शानदार प्रदर्शन जिला में पहला व हरियाणा में चोथा स्थान किया हासिल
एसडीएम जगदीश चंद्र के नेतृत्व में समय से पहले पूरा हुआ शत-प्रतिशत कार्य, जनसहयोग और कर्मचारियों की मेहनत लाई रंग
नरवाना/13 जुलाई 2026/नरेंद्र जेठी
नरवाना विधानसभा क्षेत्र ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जींद जिला में पहला व पूरे हरियाणा प्रदेश में चोथा स्थान प्राप्त किया है। निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र के कुशल नेतृत्व, प्रभावी कार्ययोजना और लगातार निगरानी के परिणामस्वरूप एसआईआर प्रक्रिया का शत-प्रतिशत कार्य निर्धारित समय से पहले ही सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया। अभियान के दौरान बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया, आवश्यक दस्तावेजों की जांच की तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और त्रुटियों को दूर करने का कार्य किया।
इस दौरान प्रशासन की ओर से लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिससे कार्य में गति बनी रही और निर्धारित लक्ष्य समय से पहले हासिल किया जा सका। निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों, निर्वाचन शाखा के अधिकारियों तथा अभियान से जुड़े कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी ने पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। इसी का परिणाम है कि नरवाना विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को हटाना था। नरवाना क्षेत्र में इस कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया गया।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजसेवी संस्थाओं, युवा क्लबों, नगर पार्षदों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षित युवाओं, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के सकारात्मक सहयोग और जागरूकता के कारण ही यह अभियान इतनी सफलता के साथ पूरा हो सका।
उन्होंने नरवाना हलके के सभी नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन भविष्य में भी निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी चुनावी प्रक्रियाओं में भी नागरिक इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में अपना योगदान देंगे।
नरवाना विधानसभा क्षेत्र द्वारा एसआईआर अभियान में प्राप्त यह सफलता न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जब प्रशासन और जनता मिलकर कार्य करते हैं तो किसी भी लक्ष्य को समय से पहले प्राप्त किया जा सकता है। हरियाणा में चोथा स्थान हासिल कर नरवाना ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्यशैली और जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
Add A Comment

