हरियाणा: नूंह में विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म, चार के खिलाफ मामला दर्ज
नूंह /हरियाणा/अटल हिन्द ब्यूरो /13 जुलाई 2026
हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू शहर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सवारी वाहन में लिफ्ट देकर सुनसान जगह ले गए आरोपी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (वोटर लिस्ट) से संबंधित फॉर्म भरने के लिए तावड़ू आई थी। कार्य पूरा करने के बाद, वह सोहना जाने के लिए तावड़ू चौकी के पास गाड़ी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक टेंपो चालक सोहना जाने की आवाज लगाते हुए वहां रुका, जिस पर महिला सवार हो गई। टेंपो में पहले से ही ड्राइवर के अलावा तीन अन्य युवक बैठे हुए थे।
रास्ते में जब चालक टेंपो को मुख्य मार्ग से हटाकर नूंह की तरफ ले जाने लगा, तो महिला ने इस पर आपत्ति जताई। इस पर चालक ने बहाना बनाया कि उसे रास्ते से एक और सवारी उठानी है।
बंधक बनाकर वारदात को दिया अंजाम
महिला का आरोप है कि कुछ ही दूरी पर जाने के बाद आरोपी वाहन को एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां महिला को बंधक बना लिया गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के दौरान अन्य युवकों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
वारदात के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर तावड़ू शहर थाना पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया। पीड़िता द्वारा चारों आरोपियों की पहचान किए जाने के बाद, पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी का बयान:
तावड़ू शहर थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

