रुपावाली व खासवा शराब ठेका लूटकांड का पर्दाफाश; ₹5,000 का इनामी व हत्या का फरार आरोपी सिकंदर समेत 3 शातिर गिरफ्तार, हथियार व मोटरसाइकिल बरामद
फतेहाबाद/12 जुलाई 2026 /योगेश खनेजा
पुलिस अधीक्षक (SP) निकिता खट्टर (IPS) के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अपराध मुक्त फतेहाबाद अभियान” को एक और बड़ी सफलता मिली है। फतेहाबाद पुलिस ने रुपावाली और खासवा गांवों में स्थित शराब ठेकों पर हुई दोहरी सनसनीखेज लूट की वारदातों का पर्दाफाश कर दिया है। सीआईए (CIA) टोहाना, थाना जाखल और थाना सदर टोहाना की संयुक्त टीम ने त्वरित व सुनियोजित कार्रवाई करते हुए 3 शातिर अपराधियों को दबोच लिया है।
पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर का देसी कट्टा और एक गंडासी बरामद की गई है।
इस बड़ी कामयाबी पर अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। कानून के हाथ हर शातिर और इनामी बदमाश तक पहुंच कर रहेंगे। अपराधियों के लिए अब दो ही रास्ते हैं—या तो वे अपराध छोड़ दें, अन्यथा जेल की सलाखें ही उनका भविष्य तय करेंगी।
एक ही रात में दो शराब ठेकों पर बोला था धावा
प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी देते हुए एएसपी (ASP) दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि:
-
पहली वारदात: 02 जुलाई 2026 की रात गांव रुपावाली स्थित शराब ठेके पर नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन से मारपीट की और ₹14,000 की नकदी व शराब लूट ली। इस संबंध में थाना सदर टोहाना में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग संख्या 116 दर्ज किया गया था।
-
दूसरी वारदात: इसी गिरोह ने उसी रात गांव खासवा स्थित शराब ठेके पर हथियारों के बल पर सेल्समैन को निशाना बनाया और करीब ₹30,000 लूटकर फरार हो गए। इस संदर्भ में थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 156 दर्ज है।
मुठभेड़ की योजना बनाते दबोचे गए आरोपी
लगातार तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों को कामयाबी मिली। एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में सीआईए टोहाना की टीम ने पंजाब सीमा से सटे जाखल क्षेत्र में दबिश देकर सिकंदर पुत्र रूपा सिंह (निवासी रत्ताथेह, जाखल) को अवैध .32 बोर पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया।
इसी दौरान, एएसआई जयदेव सिंह के नेतृत्व में दूसरी टीम ने कड़ैल चौक (जाखल) के पास नाकाबंदी कर विजय उर्फ चांदी पुत्र लक्ष्मण सिंह (निवासी कुलरिया, मानसा, पंजाब) को एक अवैध .315 बोर देसी कट्टे के साथ दबोचा। दोनों से कड़ाई से पूछताछ के बाद वारदात में शामिल तीसरे आरोपी जश्न सिंह उर्फ राठा पुत्र सोनी सिंह (निवासी कुलरिया, पंजाब) को भी चांदपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके पास से वारदात में प्रयुक्त गंडासी बरामद हुई।
हत्या के मामले में फरार था ₹5,000 का इनामी सिकंदर
मुख्य आरोपी सिकंदर थाना जाखल में अगस्त 2025 में दर्ज हत्या के एक चर्चित मामले (FIR No. 106) में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके 8 साथी पहले ही पकड़े जा चुके थे, जबकि सिकंदर पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था, जिस पर ₹5,000 का इनाम भी घोषित था।
न्यायालय से आरोपी सिकंदर और विजय को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि जश्न सिंह को आज पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान इनके पूरे नेटवर्क और अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और उन पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
1. सिकंदर पुत्र रूपा सिंह का क्रिमिनल रिकॉर्ड:
-
FIR No. 63 (2019): धारा 21/22 NDPS एक्ट — थाना भिखी, मानसा (पंजाब)
-
FIR No. 117 (2019): धारा 21/25/27A/29 NDPS एक्ट — थाना सदर मानसा (पंजाब)
-
FIR No. 135 (2025): विभिन्न धाराएं (BNS) — थाना सदर टोहाना (फतेहाबाद)
-
FIR No. 106 (2025): धारा 103(1) (हत्या का मामला) — थाना जाखल (फतेहाबाद) — इसी मामले में फरार होने पर ₹5,000 का इनाम था।
-
FIR No. 91 (2026): धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट — थाना जाखल (फतेहाबाद)
2. विजय उर्फ चांदी पुत्र लक्ष्मण सिंह का क्रिमिनल रिकॉर्ड:
-
FIR No. 88 (2025): धारा 115(2), 126(2) BNS — थाना बरेटा, मानसा (पंजाब)
-
FIR No. 92 (2026): धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट — थाना जाखल (फतेहाबाद)

