युवावर्ग की समस्याओं के समाधान को लेकर लोक सेवा मंच का अभियान जोरों पर
‘सबको रोजगार देने के लिए सरकार को जल्द विशेष अभियान चलाना चाहिए’
हर गांव में जिम,लाइब्रेरी खोलने का सरकारी फैसला जनमत की शानदार जीत : अशोक प्रधान
रेवाड़ी/14 जून 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
जनहित में युवावर्ग की ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच ने मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है । युवाओं ने सबको रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार से विशेष अभियान तुरंत शुरू करने की पुरजोर मांग उठाई है ।
इस सिलसिले में स्थानीय बड़ा तालाब के समीप युवाओं की बैठक हुई जिसमें राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच मुख्य वक्ता बनकर पधारे ।
उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य,बेहतर शिक्षा और सबको रोजगार युवावर्ग की अनिवार्य जरूरतें हैं । बड़े पैमाने पर बेरोजगारी को लेकर युवाओं में भारी चिंता व्याप्त है । मगर इसी दौरान प्रदेश के हर गांव में इंडोर जिम और पुस्तकालय स्थापित करने सहित वीभिन्न विकास योजनाओं के लिए लोक सेवा मंच की बुलंद आवाज पर राज्य सरकार द्वारा 2697 करोड़ जारी करने से जनमत की शानदार जीत पर युवाओं में भविष्य को लेकर उत्साह दिखाई दिया ।
गौरतलब है कि पिछले करीब छह माह से गांवों-शहरों में जिम,पुस्तकालय,यूथ क्लब बिल्डिंग, रोजगार नीति व जॉब कैलेंडर जारी करने, स्पेशल स्टूडेंट्स बसें चलाने ,खेल के मैदानों की स्थापना करने आदि अनेक जनहितकारी मांगों को लेकर लोक सेवा मंच का अभियान लगातार जारी है ।
मंच ने सीएम से शेष अन्य जनहितकारी मांगों को भी जल्द पूरा करने का जोरदार आग्रह किया है । कोर कमेटी के सदस्य नंदलाल यादव ने कहा कि मंच की ओर से मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत जन सहयोग से लगातार जोरदार ढंग से उठाईं गईं अनेकानेक मांगों में से हर गांव में जिम और लाइब्रेरी खोलने की दो मांगें प्रदेश सरकार ने स्वीकार करके बजट अलॉट कर दिया है । इस पर उन्होंने युवाओं व प्रदेशभर के नागरिकों को बधाइयां दीं ।
सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि जिम के साथ करीब 5 एकड़ में खेल के मैदान की व्यवस्था भी की जानी चाहिए तथा शहर के हर वार्ड व सेक्टर में भी जिम,लाइब्रेरी जल्द खोलने सहित अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाए ।
अशोक प्रधान ने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए खेलों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया है , उसी तरह बेरोजगार युवाओं को एडजस्ट करने के लिए एसएससी की तर्ज पर जाॅब (रोजगार) कैलेंडर जारी करना चाहिए । युवाओं ने कहा कि देश-प्रदेश में ‘रोजगार नीतियां’ नहीं हैं जिससे सबको रोजगार का रास्ता नहीं मिल रहा है ।
केंद्र व राज्य सरकारों को रोजगार नीतियां जल्द बनानीं चाहिएं । उन्होंने आगे कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग,ट्यूशन पर आने जाने के लिए सरकार को विद्यार्थियों के लिए स्पेशल बसें चलानी चाहिएं ।
शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने तक क्षतिपूर्ति गुजारे भत्ते के तौर पर ₹20हजार प्रतिमाह ‘जॉब्लेस क्लेम’ देने की व्यवस्था की जाए । इन मसलों को लेकर देश- प्रदेश के खेल,रोजगार एवं युवा मामलों के मंत्रियों, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाएंगे । समाधान होने तक मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहने का प्रस्ताव बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुआ ।
Add A Comment


