मार्केट कमेटी तरावड़ी के उप-चेयरमैन राजीव नारंग ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की सादगी और कार्यशैली की जमकर सराहना की
तरावड़ी,/27 जुलाई 2026/रोहित लामसर
मार्केट कमेटी तरावड़ी के उप-चेयरमैन एवं पंजाबी सभा तरावड़ी के प्रधान राजीव नारंग ने केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री तथा करनाल लोकसभा सांसद मनोहर लाल खट्टर की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें राजनीतिक संत की संज्ञा दी।
उन्होंने कहा कि मनोहर लाल खट्टर ने हमेशा राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया है और उनकी सादगी, ईमानदारी तथा जनता के प्रति समर्पण उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाते हैं।
राजीव नारंग ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद करते हैं, उनकी समस्याओं को सुनते हैं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश देते हैं।
यही कारण है कि करनाल लोकसभा क्षेत्र के लोगों का उन पर अटूट विश्वास है। उन्होंने हाल ही में गांव संधीर में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि इस दौरान मनोहर लाल ने महिलाओं से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। यह पहल न केवल महिलाओं को रोजगार से जोड़ेगी, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से भी मजबूत बनाएगी।
राजीव नारंग ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार जनकल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में करनाल लोकसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही मनोहर लाल खट्टर की पहचान है और यही जनसेवा का उनका समर्पित भाव उन्हें प्रदेश ही नहीं, देश के लोकप्रिय नेताओं की श्रेणी में स्थापित करता है।

