छात्रों की जीत लोकतंत्र और युवाओं के संघर्ष की जीत, कांग्रेस हर वर्ग के साथ खड़ी: मेवा सिंह
कुरुक्षेत्र/न्यूज रिसोर्स अटल हिन्द /25 जुलाई 2026
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कुरुक्षेत्र की ओर से छात्रों के समर्थन में विजय जुलूस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने किया। इस अवसर पर थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, पिहोवा विधायक मंदीप चट्ठा, शाहाबाद विधायक रामकरण काला, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रणी नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।
विजय जुलूस अग्रवाल धर्मशाला, रेलवे रोड, कुरुक्षेत्र से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जाकर संपन्न हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा युवाओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने कहा कि आज की जीत केवल छात्रों की जीत नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश के युवाओं और छात्रों की आवाज़ को बुलंद किया है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया है।
मेवा सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया। कांग्रेस पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ लगातार आवाज़ उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संघर्ष और छात्रों की एकजुटता के कारण सरकार को झुकना पड़ा और छात्रों की मांगों को स्वीकार करने पर मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, महिलाओं, व्यापारियों और युवाओं सहित समाज के हर वर्ग की लड़ाई लड़ती रही है। जब-जब जनता के अधिकारों पर हमला हुआ, कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रही और आगे भी जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।
मेवा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, लेकिन कांग्रेस किसी भी कीमत पर छात्रों के अधिकारों से समझौता नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और कांग्रेस इसके लिए निरंतर संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर विधायक अशोक अरोड़ा,
पिहोवा विधायक मंदीप चट्ठा और शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज़ को दबाने का हर प्रयास लोकतांत्रिक तरीके से विफल किया जाएगा और कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम के अंत में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
Add A Comment

