ज्यादा हीरो मत बन, तू DC नहीं है…’ यमुनानगर में अतिक्रमण हटाने गई टीम से भिड़े भाजपा नेता, विरोध में कर्मचारियों की हड़ताल
यमुनानगर, 08 जुलाई (अटल हिन्द ब्यूरो):
हरियाणा के यमुनानगर जिले के कस्बा साढौरा में उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम के साथ एक स्थानीय भाजपा नेता उलझ गए। ऑन-कैमरा हुई इस तीखी बहसबाजी के दौरान नेताजी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी को सरेआम हड़काते हुए कहा, “ज्यादा हीरो मत बन, तू कोई डीसी (DC) नहीं लग रहा।” इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हाथपाई तक पहुंची नौबत, वीडियो हुआ वायरल
दरअसल, साढौरा इलाके में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी दलबल के साथ पहुंचे थे। जैसे ही टीम ने सड़क किनारे रखे सामान को जब्त करना शुरू किया, वैसे ही सफेद कुर्ता-पायजामा पहने एक स्थानीय भाजपा नेता अपने रसूख का रौब झाड़ते हुए वहां धमक पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि नेता ने अधिकारी के गिरेबान पर हाथ डाल दिया। इस पर अधिकारी ने तुरंत पलटकर कहा कि वह उन्हें हाथ न लगाएं। इसके बाद नेता ने खुलेआम चुनौती देते हुए कहा, “हिम्मत है तो सामान उठाकर दिखा।” बीच सड़क पर चल रहे इस ड्रामे को देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है।
कर्मचारियों ने झाड़ू उल्टी कर शुरू की बेमियादी हड़ताल
भाजपा नेता की इस बदसलूकी और गाली-गलौज के विरोध में नगर पालिका के तमाम सफाईकर्मी और कर्मचारी आज सुबह से ही सड़क किनारे धरने पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप अपनी झाड़ू उल्टी खड़ी कर दी हैं और काम पूरी तरह ठप कर दिया है।
कर्मचारियों का रुख साफ है: “नेताजी ने हमारे और अधिकारियों के साथ न सिर्फ बदतमीजी की, बल्कि सरेआम गालियां भी दी हैं। जब तक पुलिस इस कथित रसूखदार नेता के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई नहीं करती, तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी।”
फिलहाल, इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और शहर की सफाई व्यवस्था चरमराने का खतरा पैदा हो गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस रसूखदार नेता के खिलाफ क्या कदम उठाता है।

