नगर पार्षद एक सप्ताह के लिए अपने दूसरे गैर जरूरी कार्यों को छोडक़र एसआईआर पूरा करवाने पर अपना फोक्स करें-एसडीएम जगदीश चंद्र
नरवाना /7 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में एस आई आर प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में बुलाई गई इस बैठक में एईआरओ, एएईआरओ, सचिव नगर परिषद तथा सभी नगर पार्षद मौजूद रहे।
निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे सभी अधिकारी, कर्मचारी और सभी जनप्रतिनिधि गंभीरता से लेते हुए पूरी ऊर्जा के साथ सहयोग करें। एसडीएम ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के लिए एक सप्ताह का समय बचा है।
ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित बूथों से आशा अनुरूप रिपोर्ट मिल रही है। अधिकतर बूथों पर प्रक्रिया का कार्य अंतिम चरण में है। यानी 90 और 95 प्रतिशत के करीब कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शहरी आबादी में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। एसडीएम ने सभी नगर पार्षदों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्ड में एसआईआर प्रक्रिया पूरी करवाने में अपना सहयोग और पूरी ताकत लगाएं।
सभी नगर पार्षद अपने वार्ड स्तर पर बार-बार मुनियादी करवायें। इसके अलावा प्रत्येक नगर पार्षद बीएलओ के साथ संपर्क बनाकर तथा घर-घर जाकर मतदाताओं के फार्म भरवाना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया समय रहते पूरी हो सके। इसके लिए मतदाताओं में जन जागरण की जरूरत है और सभी नगर पार्षद एक सप्ताह के लिए अपने दूसरे गैर जरूरी कार्यों को छोडक़र एसआईआर पूरा करवाने पर अपना फोक्स करें।
प्रत्येक वार्ड में कोई भी मतदाता एसआईआर प्रक्रिया में ना छूट पाए। यह सुनिश्चित करने के लिए संबंधित नगर पार्षद इसे अपनी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी समझे। एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति पर चर्चा करते हुए एसडीएम ने कहा कि पूरा क्षेत्र में प्रक्रिया का काम संतोषजनक हो रहा है और उन्हें विश्वास है कि नगर पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम सचिव, पटवारी अगले सप्ताह में और अधिक मेहनत कर प्रक्रिया को रफ्तार देंगे और निर्धारित तिथि 15 जुलाई से पहले इसे लाजमी पूरा करवाएंगे।
एसडीएम ने आगे कहा कि नरवाना विधानसभा क्षेत्र में अब तक 25 बूथों पर प्रक्रिया का कार्य शत प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि कुल 2 लाख 27 हजार 533 मतदाताओं में से 1 लाख 64 हजार 553 मतदाताओं का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन हो चुका है। इस प्रकार अब तक करीब 72 प्रतिशत से ज्यादा कार्य मुकम्मल हो चुका है।
विदित रहे यह आंकड़ा मंगलवार बाद दोपहर 2:00 बजे तक का है और शाम तक इसमें और बढ़ोतरी होनी लाजिमी है। एसडीएम ने बैठक में शत प्रतिशत काम पूरा करने वाले आठ अन्य बीएलओ को भी सम्मानित किया और बेहतर कार्य के लिए उनका आभार जताया।
सम्मानित होने वालों में रिशिपाल बीएलओ बूथ नंबर 25, सोहनलाल बूथ नंबर 90, रामकला बूथ नंबर 111, जयवीर बूथ नंबर 113, मनीष कुमार बूथ नंबर 109, महावीर बूथ नंबर 170, ममता बूथ नंबर 173 तथा प्रदीप बूथ नंबर 133 शामिल है।
इसके अलावा नैहरा, सैथंली, लोहचब, इस्माइलपुर, रेवर सहित सभी बूथों पर एसआईआर का कार्य शत प्रतिशत पूरा हो चुका है। यहां यह स्पष्ट किया जाता है कि तय समय अवधि से पहले जो भी बीएलओ अपना काम पूरा करेगा ,उन्हें उपमंडल प्रशासन की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।

