मुख्यमंत्री के 27 जुलाई को उझाना में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एसपी व दोनों एसडीएम ने लिया जायजा
अधिकारियों ने सभा स्थल, हेलीपैड व श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ जी मंदिर का किया निरीक्षण
समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा सुरक्षा, यातायात व पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखने के दिए निर्देश
नरवाना/ 24 जुलाई 2026/नरेंद्र जेठी
मुख्यमंत्री हरियाणा के 27 जुलाई को उझाना गांव में प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एसडीएम जींद सत्यवान सिंह मान तथा एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र ने उझाना गांव का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने उझाना स्थित स्टेडियम में बनाए जा रहे सभा स्थल का निरीक्षण किया और वहां की जा रही तैयारियों का बारीकी से मुआयना किया।
पुलिस अधीक्षक एवं दोनों एसडीएम ने सभा स्थल पर मौजूद प्रबंध समिति तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं की बारीकियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं।
पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और भीड़भाड़ की स्थिति से बचा जा सके।
उन्होंने सभा स्थल पर वीवीआईपी स्टेज, वीआईपी स्टेज, प्रेस गैलरी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग मंच तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिलाओं एवं पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने तथा वीवीआईपी, आमजन एवं अधिकारियों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकासी मार्ग निर्धारित करने के भी निर्देश दिए गए।
सभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधीक्षक एवं दोनों एसडीएम कम्युनिटी सेंटर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर वहां चल रही तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलीपैड से संबंधित सभी प्रबंध सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय रहते पूरे किए जाएं।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एसडीएम जींद सत्यवान सिंह मान तथा एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ जी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर किए जा रहे आवश्यक प्रबंधों की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि 27 जुलाई को उझाना में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री हरियाणा इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करने के बाद हवन-यज्ञ में आहुति डालेंगे तथा भंडारे में भी शिरकत करेंगे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ जी मंदिर पहुंचकर माथा टेकेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर भगवा ध्वजारोहण भी किया जाएगा। इस दौरान डीएसपी कमलदीप राणा, तहसीलदार विजय कुमार, बीडीपीओ तरुण सुथार, उझाना गांव के सरपंच सुनील मलिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Add A Comment

