छात्रों पर लाठीचार्ज निंदनीय व नेता विपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर हमला : मेवा सिंह
बाबैन,/ 23 जुलाई 2026/सुरेश अरोड़ा
भाजपा सरकार द्वारा दिल्ली जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर किए गए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। छात्रों द्वारा अपनी मांगों और समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना उनका संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार द्वारा उनकी आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास निंदनीय है।
उपरोक्त शब्द कांग्रेस के कुरुक्षेत्र जिला प्रधान व पूर्व विधायक मेवा सिंह ने बाबैन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। पूर्व विधायक मेवा सिंह ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ अन्य सांसद छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास पर धरना देने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें गिरफ्तार किया जाना पूरी तरह गलत है।
लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना और जनता की समस्याओं को उठाने वाले नेताओं को गिरफ्तार करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। मेवा सिंह ने नई दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद तक छात्रों एवं युवाओं के शांतिपूर्ण मार्च में भाजपा सरकार द्वारा लाठी चार्ज के दौरान जो दृश्य सामने आए वह अत्यंत चिंताजनक हैं।
उन्होंने ने कहा कि सालों की मेहनत के बाद पेपर लीक होने पर युवा स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। देश के 21 युवाओं ने निराश होकर आत्महत्या जैसे कदम उठा लिए ऐसे में युवाओं की आवाज सुनने के बजाय अगर आंसू गैस, लाठीचार्ज और बल प्रयोग का सहारा लिया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतिकूल और अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि जब-जब जन आक्रोश उत्पन्न हुआ, तब-तब लोकतांत्रिक सरकारों ने संवाद का मार्ग अपनाया, पूर्व की कांग्रेस सरकार में डॉ. मनमोहन सिंह ने अनेक मुद्दों पर आंदोलनकारियों से बातचीत के लिए वरिष्ठ मंत्रियों की समितियों का गठन किया, उस समय की सरकार का यह आचरण संसदीय लोकतंत्र की परिपक्वता का परिचायक था।
उसी रास्ते पर चलते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने छात्रों की न्यायोचित मांगों का समर्थन करते हुए उनके साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया है। यह लोकतांत्रिक परंपरा का उदाहरण है, जिसमें जनता के सवालों का उत्तर संवाद, संवेदनशीलता और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। छात्रों पर लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि जनता में सरकार के प्रति अविश्वास बढ़ेगा।
पूर्व विधायक मेवा सिंह ने मांग की कि जंतर मंतर पर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा छात्रों और विपक्ष की लोकतांत्रिक आवाज का सम्मान किया जाए। इस मौके पर कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान जयपाल पांचाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजीव भूखड़ी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

