एसडी पब्लिक स्कूल में क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन, टीम नंबर 3 रही विजेता
नरवाना/22 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
स्थानीय एसडी पब्लिक स्कूल में आज कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए एक सामान्य ज्ञान क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता मलिक के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों की तार्किक, वैज्ञानिक और बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देना था।
इस रोमांचक मुकाबले में स्कूल की कुल 7 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस पूरी प्रतियोगिता का मंच संचालन और क्विज़ कंडक्शन विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल सुश्री रितु गोयल द्वारा बेहद सुव्यवस्थित और रोचक ढंग से किया गया।
इस कार्य में स्कूल के होनहार विद्यार्थियों विराज, दक्ष, मुस्कान और पावनी गर्ग ने स्कोरर और तकनीकी सहयोगी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता को अत्यंत रोचक और चुनौतीपूर्ण बनाने के लिए इसे पांच मुख्य राउंड्स में विभाजित किया गया जिसमें मैथ्स राउंड-इसमें छात्रों के त्वरित गणितीय कौशल और गणना क्षमता की परीक्षा ली गई।
साइंस राउंड-इस चरण में विज्ञान के सिद्धांतों और दैनिक जीवन से जुड़े तार्किक प्रश्न पूछे गए। जीके एवं एसएस राउंड-इसमें सामान्य ज्ञान और सामाजिक विज्ञान पर आधारित ऐतिहासिक व समसामयिक सवाल शामिल थे।
विजुअल राउंड-इस डिजिटल राउंड में स्क्रीन पर दिखाए गए चित्रों और दृश्यों को पहचानकर उत्तर देना था, जो बेहद आकर्षक रहा। एक्टिविटी राउंड-इस अंतिम चरण में टीमों को व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी टीम-वर्क और सूझबूझ साबित करनी थी।
कडे और ज्ञानवर्धक मुकाबले के बाद परिणामों के अनुसार सभी राउंड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम नंबर 3 ने सर्वाधिक अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इस विजेता टीम में होनहार छात्र धनिषा, जयंत और समायरा शामिल रहे। कड़े मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम नंबर 4 उपविजेता रही।
इस टीम में प्रतिभावान छात्र राघव, कशिश और ऋषभ शामिल रहे। शानदार दिमागी सूझबूझ दिखाते हुए टीम नंबर 5 ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में होनहार छात्र नीति, ध्रुव और दैविक शामिल रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता मलिक ने विजेता टीमों के सभी होनहार छात्रों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में क्विज़ संचालक वाइस प्रिंसिपल सुश्री रितु गोयल व उनकी पूरी छात्र टीम (विराज, दक्ष, मुस्कान, पावनी गर्ग) के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मैथ्स, साइंस और विजुअल एक्टिविटी जैसे आधुनिक राउंड्स छात्रों की मानसिक एकाग्रता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करते हैं। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

