जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज की सर्वजातीय बिनैन खाप ने की कड़ी निंदा, सरकार से मांगें तत्काल मानने की अपील
नरवाना/ 21 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की घटना पर सर्वजातीय बिनैन खाप ने गहरा रोष व्यक्त किया है। खाप के प्रधान रघुवीर नैन ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
छात्रों की बात सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। खाप पदाधिकारियों ने कहा कि देश का युवा राष्ट्र का भविष्य है। यदि छात्र अपनी शिक्षा, भर्ती, परीक्षा या अन्य जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी बात रखना चाहते हैं, तो सरकार का दायित्व है कि उनसे संवाद स्थापित करे और उनकी समस्याओं का समाधान निकाले।
लाठीचार्ज जैसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं और इससे युवाओं में असंतोष बढ़ता है। सर्वजातीय बिनैन खाप ने केंद्र सरकार से मांग की है कि छात्रों की सभी जायज मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए तथा लाठीचार्ज की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। खाप ने घायल छात्रों के बेहतर उपचार और उन्हें उचित सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।
खाप ने कहा कि सरकार को टकराव का रास्ता छोडक़र संवाद और समाधान का मार्ग अपनाना चाहिए। युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी बात सुनना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
खाप के अनुसार, यदि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और उन पर दमनात्मक कार्रवाई जारी रही, तो सर्वजातीय बिनैन खाप अन्य खापों और सामाजिक संगठनों से विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय करेगी। खाप ने सरकार से अपील की कि स्थिति को गंभीरता से लेते हुए छात्रों की मांगों का तत्काल समाधान करे, ताकि किसी भी प्रकार के टकराव की नौबत न आए।
दिल्ली छात्र आंदोलन में नरवाना से पहुंचे छात्र – नैन
समाजसेवी वरदान नैन अपने सभी छात्र साथियों के साथ दिल्ली जंतर-मंतर पहुंचे और वहां संसद घेराव करने के लिए निकले। वरदान नैन ने नरवाना से दिल्ली कूच करते समय बताया कि हर रोज छात्रों के पेपर लीक हो रहे हैं, बहुत से छात्रों ने पेपर लीक की वजह से आत्महत्या कर ली, सरकार छात्रों के हित में कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है।
दिल्ली में चल रहे शांतिप्रिय छात्र आंदोलन को सरकार द्वारा कुचलने का काम किया जोकि सरेआम लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि सरकार समय रहते छात्रों की समस्याओं पर ध्यान दे, नहीं तो आंदोलन और बड़ा होगा। आंदोलन में वरदान कालवन, मंजीत करोडा, शुभम उचाना, महावीर घासो व बहुत छात्र, किसान, मजदूर पहुंचे।
जंतर मंतर पर अपने मांगों के लिए प्रदर्शन करने वालों पर लाठी चार्ज करना तानाशाही-नानू दीन हथो
लोकतंत्र में सबको अपने हकों के लिए आवाज उठाने का हक है। जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हमारे देश के युवाओं एवं लड़कियों को जिस तरह से पुलिस ने लाठीचार्ज किया यह बहुत ही शर्मनाक है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
यह बात नानूदीन हथो ने प्रैस को जारी विज्ञप्ति में कही। नानूदीन हथो ने कहा कि विद्यार्थी अपनी हकों सीख शिक्षा के लिए सरकार से सवाल पूछ रहे हैं तो सरकार का भी फर्ज बनता है कि उनके सवालों के जवाब दिए जाएं, उनकी आवाजों को सुना जाए जिस तरह से देश के अंदर तानाशाही हो रही है इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होनें कहा कि अब लगता है कि हमारे देश का युवा जाग चुका है और सरकार को अपनी नाकामी छुपाने के लिए आशु गैस के गोले भी छोड़ें और छोटी-छोटी बच्चियों को पुलिस ने बहुत ही बुरी तरह से मारा यह देश के लिए दुर्भाग्य की बात है।

