आईटीआई नरवाना की पहली मेरिट सूची जारी, कई लोकप्रिय ट्रेडों में 100 प्रतिशत से ऊपर पहुंची कटऑफ
कोपा, इलेक्ट्रिशियन एवं स्टेनोग्राफर ट्रेड में 105 प्रतिशत तक पहुंची मेरिट, प्रथम सूची के चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश 21 जुलाई तक
नरवाना/18 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नरवाना में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए विभाग द्वारा प्रथम मेरिट सूची जारी कर दी गई है। मेरिट सूची जारी होते ही संस्थान में प्रवेश संबंधी जानकारी, दस्तावेज़ सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के लिए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस वर्ष लोकप्रिय ट्रेडों में रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त होने से कई ट्रेडों में कटऑफ 100 प्रतिशत से भी अधिक दर्ज की गई।
संस्थान के प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि प्रथम मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 21 जुलाई तक अपने सभी मूल दस्तावेज़ों सहित संस्थान में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। निर्धारित तिथि तक प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों की रिक्त सीटों पर विभाग द्वारा आगामी मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग सहायक, इलेक्ट्रिशियन तथा स्टेनोग्राफर एवं सचिवीय सहायक ट्रेडों में 105 प्रतिशत तक की सर्वाधिक मेरिट दर्ज की गई। वहीं वेल्डर तथा वेल्डर (फैब्रिकेशन एवं पाइप) ट्रेडों में 100 प्रतिशत, ड्राफ्ट्समैन (सिविल) में 97 प्रतिशत, पेंटर (सामान्य) में 96.8 प्रतिशत, मशीनिस्ट में 96.4 प्रतिशत, फिटर एवं मैकेनिक मोटर व्हीकल में 95 प्रतिशत, तथा सिलाई प्रौद्योगिकी में 94.6 प्रतिशत तक उच्चतम मेरिट रही।
सभी ट्रेडों में सबसे न्यूनतम मेरिट 42.6 प्रतिशत वेल्डर (टीआईजी/एमआईजी) ट्रेड में दर्ज की गई। यह मेरिट सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को सम्मिलित करते हुए तैयार की गई है। प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि इलेक्ट्रिशियन, फिटर, प्लंबर, कोपा, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मशीनिस्ट, टर्नर, ड्राफ्ट्समैन (सिविल एवं मैकेनिकल), स्टेनोग्राफर, सिलाई प्रौद्योगिकी एवं वेल्डर जैसे लोकप्रिय ट्रेडों में इस वर्ष प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
कई ट्रेडों में मेरिट का स्तर काफी ऊँचा रहना युवाओं के कौशल आधारित तकनीकी शिक्षा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों का नाम प्रथम मेरिट सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निराश न हों। रिक्त सीटों के आधार पर विभाग द्वारा आगामी मेरिट सूचियाँ जारी की जाएँगी, जिनके माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थियों से नियमित रूप से प्रवेश पोर्टल एवं संस्थान के सूचना-पट्ट पर जारी सूचनाओं पर नजऱ बनाए रखने की अपील की गई। प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि वर्ष 1962 में स्थापित राजकीय आईटीआई नरवाना में 21 विभिन्न व्यवसायों में आधुनिक मशीनों एवं अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
संस्थान में समय-समय पर कैंपस प्लेसमेंट, अप्रेंटिसशिप भर्ती अभियान एवं रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के साथ बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। अंत में उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने तथा प्रवेश संबंधी किसी भी जानकारी के लिए सीधे संस्थान से संपर्क करने की अपील की।

