दो वाहनों की भिडंत में हाइवा के केबिन में लगी आग
चालक को निकलने का भी नही मिला मौका, अंदर ही जलकर हुई मौत
रणबीर सिंह रोहिल्ला/15 जुलाई 2026 /अटल हिन्द /सोनीपत।
एनएच-334बी पर गांव रोहणा के पास दो भारी वाहन आपस में भिड गए। टक्कर के बाद डस्ट से भरे हाइवा में भीषण आग लग गई और आग ने देखते ही देखते पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन चालक बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सका और कैबिन में ही जिंदा जल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और पुलिस ने यातायात को सुचारु कराने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत सिविल हॉस्पिटल भेज दिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
बुधवार को गांव रोहणा के पास एनएच-334बी पर डस्ट से भरे हाइवा और रोडी से भरे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगे चल रहे रोडी से भरे ट्रक को पीछे से डस्ट से भरे हाइवा ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद हाइवा में भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरे केबिन में फैल गई, जिससे चालक वाहन अंदर ही फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी केबिन के पास नहीं पहुंच सका। इस हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। आग बुझने के बाद पुलिस ने ड्राइवर के शव को कैबिन से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है

