जनहित के मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : कृष्ण कुमार बेदी
-बैठक से गैरहाजिर एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस, सिंचाई विभाग के एसडीओ के निलंबन की सिफारिश के निर्देश
-जनपरिवाद समिति बैठक में 14 मामलों पर हुई सुनवाई, 6 का मौके पर समाधान, 8 मामलों में जांच कमेटियां गठित
फतेहाबाद/13 जुलाई 2026/अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें।
स्थानीय जिला पंचायत संसाधन केंद्र में आयोजित जिला लोक सम्पर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक में कुल 14 मामलों पर सुनवाई की गई। इनमें से 6 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि 8 मामलों में जांच के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जनपरिवाद समिति केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता को समय पर न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के प्रत्येक निर्णय का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और जनता का विश्वास प्रशासन पर और अधिक मजबूत बनाया जाए।
बैठक से अनुपस्थित एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस, लापरवाह एसडीओ के निलंबन की सिफारिश के निर्देश
बैठक में जल सेवाएं मंडल, हिसार के कार्यकारी अभियंता विनोद वर्मा के बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेंद्र के खिलाफ कर्मचारियों के साथ दुव्र्यवहार तथा लगातार लापरवाही की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त को उनके निलंबन की सिफारिश विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
अवैध कॉलोनी में सडक़ निर्माण की होगी जांच
रतिया मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन कुलवंत सिंह की शिकायत पर मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अवैध कॉलोनी में शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा कराए गए कथित सडक़ निर्माण की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी में एसडीएम रतिया तथा जनपरिवाद समिति के सदस्य अंकित सिंगला और परवीन को शामिल किया गया है। जांच रिपोर्ट आगामी बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।
भूना में बिजली पोल निगम के खर्च पर होंगे शिफ्ट
भूना की ऑफिसर कॉलोनी के निवासियों द्वारा प्लॉटों के बीच लगे बिजली पोल हटाने की मांग पर मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को अपने खर्च पर बिजली पोल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल कटाई के बाद पोल दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाएं और इसका कोई भी खर्च कॉलोनीवासियों से नहीं लिया जाएगा।
पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों में गठित हुई जांच कमेटी
गांव पारता निवासी सुनील की शिकायत पर, जिसमें पारिवारिक विवाद में पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया था, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने एसडीएम टोहाना, डीएसपी टोहाना, संबंधित थाना प्रभारी तथा जनपरिवाद समिति के सदस्य पूनम सिंगला, विनोद खीचड़ और हरमेश शर्मा की संयुक्त कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए।
वहीं गांव नाढोड़ी निवासी श्रवण कुमार की शिकायत पर, जिसमें स्वीकृत नहरी खाल को बार-बार क्षतिग्रस्त किए जाने और पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया गया था, इस पाए मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को जांच अधिकारी बदलकर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दैयड़ के किसानों के लंबित मुआवजे पर दस दिन में मांगी रिपोर्ट
गांव दैयड़ के किसानों को फसल मुआवजा नहीं मिलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने एडीसी की अध्यक्षता में गठित कमेटी को लंबित मुआवजे का विस्तृत ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए। कमेटी में एसडीएम फतेहाबाद, डीआरओ, एलडीएम के साथ जिला परिषद अध्यक्ष सुमन खीचड़, जसवंत माचरा, सतबीर मेहुवाला तथा नगर परिषद उपाध्यक्ष सविता टुटेजा को भी शामिल किया गया है। मंत्री ने निर्देश दिए कि कमेटी इस मामले में किसानों का पक्ष लेकर उनसे बातचीत करे और आगामी दस दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
प्रॉपर्टी आईडी में लापरवाही पर तय होगी व्यक्तिगत जिम्मेदारी
रत्ताखेड़ा निवासी शारदा देवी की शिकायत पर मंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रॉपर्टी आईडी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि प्रॉपर्टी आईडी स्वीकृत करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाए, ताकि लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को प्रॉपर्टी आईडी बनवाने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जनपरिवाद समिति बैठक में फतेहाबाद विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, रतिया विधायक जरनैल सिंह, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, डीसी डा. विवेक भारती, एसपी निकिता खट्टर, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खीचड, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, नगर परिषद चेयरमैन राजेन्द्र खींची, वाइस चेयरमैन सविता टुटेजा, हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य चन्द्रप्रकाश बोस्ती सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

