17 जुलाई को इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा जींद, एशिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन को प्रधानमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
– प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कैबिनेट मंत्री ने गांव-गांव पहुंचकर दिया जनसभा का निमंत्रण
नरवाना, /13 जुलाई 20126/नरेंद्र जेठी
नरवाना, /13 जुलाई 20126/नरेंद्र जेठी
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे के मद्देनजर जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए रविवार सायं विधानसभा क्षेत्र के गांव फरैण कलां में ग्रामीणों से संवाद किया तथा उन्हें जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 17 जुलाई का दिन जींद ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जींद रेलवे जंक्शन देश के प्रमुख और ऐतिहासिक रेलवे जंक्शनों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इसी ऐतिहासिक स्टेशन से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एशिया की सबसे लंबी तथा भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और इससे हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान के साथ स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान प्रदेश को अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी, जिससे रेलवे अवसंरचना, यात्री सुविधाओं तथा अन्य विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नरवाना रेलवे स्टेशन का लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक कायाकल्प किया गया है।
स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं, बेहतर प्रतीक्षालय, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन तथा आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं नरवाना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां विकसित की गई सुविधाओं का जायजा लिया है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वरूप में विकसित यह स्टेशन क्षेत्र के विकास का नया प्रतीक बनेगा और आने वाले वर्षों में हजारों यात्रियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 225 बूथ, 61 गांव तथा संपूर्ण शहरी क्षेत्र शामिल है। प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं तथा उन्हें प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं।
आधुनिक ट्रेनों, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशनों और नई तकनीकों के माध्यम से भारतीय रेलवे को नई दिशा मिली है। हाइड्रोजन संचालित ट्रेन पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा की दिशा में भारत की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक 17 जुलाई को जींद पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें तथा प्रधानमंत्री का स्वागत कर प्रदेश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री की जनसभा में नरवाना विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले से भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे और यह कार्यक्रम ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व सफलता प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर गांव के सरपंच रामकुमार, रामगोपाल, मदन पाल, प्रेमसिंह, ईश्वर सिंह, ओमप्रकाश, मंगतराम, जोरा सिंह, मार्केट कमेटी चैयरमेन अमित ढाकल, मंडल अध्यक्ष सत्यवान शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति, बलदेव वाल्मीकि, मनदीप चहल, सुनीता भ्याण, सुरेश पांचाल, सुरेश दनौदा, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Add A Comment

