कुरुक्षेत्र में पुजारी पर जानलेवा हमला: पुलिस रिमांड पर चल रहा मुख्य आरोपी पंकज हिरासत से भागा, नहर में कूदने से दोनों पैर टूटे
सहयोगी आरोपी ‘इंद्र’ की तलाश में छापेमारी कर लौट रही थी पुलिस टीम
वारदात का सीसीटीवी फुटेज हुआ था वायरल, आरोपी है दरगाह का सेवादार
अटल हिन्द ब्यूरो/कुरुक्षेत्र / 11 जुलाई 2026/शशि अरोड़ा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अढ़ोनी गांव के बुजुर्ग पुजारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शनिवार को उस वक्त एक नया और नाटकीय मोड़ आ गया, जब मामले का मुख्य आरोपी पंकज पुलिस हिरासत से चकमा देकर भागने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसिया गिरफ्त से छूटकर सांवला नहर के पुल से नीचे कूदे आरोपी के दोनों पैर टूट गए हैं। उसे भारी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेशाब के बहाने गाड़ी रुकवाई और लगा दी छलांग
थाना सदर प्रभारी (SHO) रणधीर सिंह ने बताया कि मुकदमा नंबर 290 के तहत गिरफ्तार मुख्य आरोपी पंकज 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर था। रिमांड के दौरान पूछताछ में इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी ‘इंद्र’ का नाम सामने आया था। शनिवार को पुलिस टीम पंकज को साथ लेकर आरोपी इंद्र के संभावित ठिकानों—सांवला और गोविंदपुरा गांवों में दबिश देने गई थी।
तलाश के बाद जब पुलिस टीम पंकज को वापस लेकर लौट रही थी, तभी सांवला गांव के पुल के पास आरोपी ने पुलिसकर्मियों से पेशाब करने की बात कही। पुलिस ने जैसे ही गाड़ी रोककर उसे नीचे उतारा, पंकज ने अचानक फुर्ती दिखाई और पुलिसकर्मियों को झटका देकर हाथ छुड़ा लिया। इससे पहले कि मुस्तैद पुलिस टीम उसे दबोच पाती, उसने सीधे सांवला नहर के पुल से नीचे छलांग लगा दी।
पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर, अस्पताल में कड़ी सुरक्षा
पुल से नीचे कंक्रीट पर गिरने के कारण आरोपी पंकज के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया और वह दर्द से कराहने लगा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे घेरा और इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज को अस्पताल में कड़ी निगरानी और कड़े पहरे में रखा गया है। ठीक होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अढ़ोनी गांव में 74 वर्षीय बुजुर्ग पुजारी योगीराज गिरी पर कुछ बदमाशों ने बेरहमी से जानलेवा हमला किया था। हमलावरों ने न केवल बुजुर्ग पुजारी की टांग तोड़ दी थी, बल्कि उन्हें जमीन पर बेरहमी से घसीटा भी था। इस अमानवीय कृत्य का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
दबाव में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंकज को दबोच लिया, जो कि अढ़ोनी गांव स्थित नकोदर दरगाह का मुख्य सेवादार बताया जा रहा है। मामले का दूसरा आरोपी इंद्र अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

