तोशाम बस स्टैंड के द्वार पर निजी बस की चपेट में आने से राजस्थान निवासी 21 वर्षीय युवक हुआ गंभीर रूप से घायल, युवक घायलावस्था में तोशाम से भिवानी तथा भिवानी से रोहतक किया रेफर
अपनी बहन तथा जीजा से मिलने राजस्थान से तोशाम आया था युवक विकास, लेकिन बहन के घर पहुंचने से पहले तोशाम बस स्टैंड पर रास्ता पार करते हुए घटित हुआ हादसा
तोशाम/13 जुलाई 2026/विष्णु दत्त शास्त्री
राजस्थान के चुरू जिले के गांव बघेला निवासी एक युवक तोशाम बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर एक निजी बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को घायलावस्था में तोशाम के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात भिवानी रेफर कर दिया समाचार लिखे जाने तक युवक की गंभीर हालत बनी हुई थी और उसे भिवानी से रोहतक रेफर कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के गांव बघेला निवासी युवक करीबन 21 वर्षीय विकास की बहन तथा जीजा तोशाम में रहते हैं। युवक विकास सोमवार को अपनी बहन तथा जीजा से मिलने के लिए अपने गांव बघेला से तोशाम आया था। जब वह तोशाम बस स्टैंड पर पहुंचा तो बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर जैसे ही वह पैदल रास्ता पार करने लगा इसी दौरान हिसार की तरफ से आई एक निजी बस बस स्टैंड के अंदर प्रवेश करने लगी तो युवक विकास बस की चपेट में आ गया।
इस दौरान युवक विकास के पैरों के ऊपर से बस का टायर निकल गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि बस निकास द्वार से बस स्टैंड में प्रवेश कर रही थी जबकि बस को प्रवेश द्वार से बस स्टैंड में प्रवेश करना चाहिए था। हादसे के पश्चात मौके पर अनेक लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और घायल युवक को आनन-फानन में तोशाम के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के पश्चात युवक को भिवानी रेफर कर दिया लेकिन युवक की गंभीर हालत को देखते हुए युवक को घायल अवस्था में भिवानी से रोहतक रेफर कर दिया गया।
घायल युवक विकास के जीजा सोमवीर ने बताया कि विकास उनसे मिलने के लिए राजस्थान से तोशाम आया था हादसे से कुछ देर पहले ही फोन पर उनकी विकास से बात हुई थी और विकास ने कहा था कि उसे लेने के लिए बस स्टैंड पर आ जाओ। सोमवीर विकास को लेने के लिए बस स्टैंड पर आ ही रहा था कि उससे पहले विकास के साथ हादसा घटित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही वह तोशाम के नागरिक अस्पताल पहुंचे जहां विकास की हालत गंभीर बनी हुई थी।
इस संबंध में तोशाम के बस स्टैंड पर मौजूद संस्थान प्रबंधन रविपाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि एक निजी बस हिसार से तोशाम आई थी जोकी बस स्टैंड के अंदर गलत साइड यानी कि निकास द्वार से प्रवेश कर रही थी इस दौरान एक युवक निजी बस की चपेट में आने से घायल हो गया जिसे तोशाम के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। भविष्य में ऐसा हादसा दोबारा घटित न हो इसके लिए सभी बस चालक को धीमी गति से चलने तथा अपनी साइड चलने की हिदायत दी जाएगी।
Add A Comment

