क्रिकेट के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक किया
गुरुग्राम पुलिस और गुरुग्राम बार के एडवोकेट्स की अपनी तरह की पहल
युवा वर्ग अपना समय खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं
क्रिकेट प्रतियोगिता पूर्व बार प्रधान कुलभूषण भारद्वाज की देखरेख में आयोजित
खेलों के माध्यम से दिया समाज को सही दिशा में ले जाने का संदेश
गुरुग्राम पुलिस और वकीलों ने नशे के खिलाफ जानकारी देकर किया जागरूक
फतह सिंह उजाला /18 जुलाई 2026 /अटल हिन्द/ गुरुग्राम
गुरुग्राम पुलिस ने हरियाणा की सबसे बड़ी बार एसोसिएशन (गुरुग्राम बार एसोसिएशन) के सहयोग से एक क्रिकेट खेल प्रतियोगिता के दौरान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह क्रिकेट प्रतियोगिता पूर्व बार प्रधान कुलभूषण भारद्वाज की देखरेख में आयोजित कराई गई, जिसमें काफी संख्या में वकीलों सहित भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशा मुक्ति का संदेश देना तथा विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, अपराधियों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान करना था।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की टीमों के बीच रोमांचक क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। खेल के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच के विकास का भी सशक्त माध्यम हैं।
युवाओं को प्रेरित किया गया कि वे अपना समय खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर नशे एवं अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। इस अवसर पर यशवंत यादव सहायक पुलिस आयुक्त गुरुग्राम व एडवोकेट आर.एन. यादव, प्रेजिडेंट टैक्स बार एसोसिएशन हरियाणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभाव, नशा मुक्ति, नशे के आदी व्यक्तियों के पुनर्वास, साइबर अपराधों की पहचान, उनसे बचाव एवं शिकायत करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “खेल मैदान में बहाया गया पसीना जीवन में सफलता और स्वस्थ भविष्य की नींव बनता है, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए विनाशकारी है।” उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम के दौरान गुरुग्राम पुलिस द्वारा जागरूकता रथ/वाहन तथा बैनरों के माध्यम से उपस्थित लोगों तथा प्रतिभागियों को ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन 1930 एवं संबंधित साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क करने की अपील की गई। गुरुग्राम पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों एवं जागरूकता प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।
आमजन से अपील की गई कि यदि कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन संबंधी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत गुरुग्राम पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही लोगों से अपने परिवार एवं आसपास के युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेल एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का भी आग्रह किया गया।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं एवं जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है। गुरुग्राम पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
Add A Comment

