गुरुग्राम की पॉश सोसाइटी में खौफनाक वारदात: थार बैक करते वक्त सो रही मेड को कुचला, आरोपी महिला ड्राइवर गिरफ्तार
फतह सिंह उजाला /गुरुग्राम /अटल हिन्द डेस्क/ 17 जुलाई 2026
हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के सेक्टर-67 स्थित अंसल वरशालिया सोसाइटी में एक थार गाड़ी से बुजुर्ग घरेलू सहायिका (मेड) को बेरहमी से कुचल दिया गया। इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए सेक्टर-65 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है और आरोपी महिला ड्राइवर नीतू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा थार गाड़ी को भी बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह सिर्फ एक लापरवाही से हुआ हादसा है या फिर इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश थी।
पार्किंग में सो रही थी बुजुर्ग महिला, तभी काल बनकर आई थार
यह पूरी घटना बीते 14 जुलाई की बताई जा रही है। 60 साल की बुजुर्ग गुड्डी देवी इस सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थीं। दोपहर के वक्त काम खत्म करने के बाद वे पार्किंग एरिया में सुस्ताने के लिए जमीन पर ही सो गई थीं।
इसी दौरान सोसाइटी में ही रहने वाली नीतू नाम की महिला अपनी थार गाड़ी को लेकर वहां पहुंची। जैसे ही उसने गाड़ी को रिवर्स गियर में डाला और पीछे की तरफ बढ़ाया, जमीन पर सो रही गुड्डी देवी सीधे भारी-भरकम गाड़ी की चपेट में आ गईं। थार का पहिया बुजुर्ग महिला को कुचलता हुआ निकल गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
गाड़ी चढ़ते ही पार्किंग एरिया में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में लहूलुहान हालत में बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
लापरवाही या रंजिश? पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी
मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर यह मामला गाड़ी को बैक करने के दौरान हुई बड़ी लापरवाही का लग रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ड्राइवर को पार्किंग में नीचे सो रही बुजुर्ग के बारे में कोई अंदाजा नहीं था, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हालांकि, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर उठ रहे ‘हादसा या हत्या’ के सवालों को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि गाड़ी बैक करते वक्त थार की रफ्तार क्या थी और क्या दोनों के बीच पहले से कोई विवाद तो नहीं था। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

