गुरुग्राम पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, दिल्ली से मालदा टाउन एक्सप्रेस के जरिए डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू
राष्ट्रीय सुरक्षा, अवैध घुसपैठियों के विरुद्ध गुरुग्राम पुलिस की कार्यवाही
विशेष चेकिंग में अवैध रूप से रह रहे गुरुग्राम पुलिस द्वारा 13 बांग्लादेशीयो की पहचान की गई
गुरुग्राम /16 जुलाई 2026/फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे अथवा जो भारत में वैध रूप से निवास करने के प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इसी कड़ी में अपराध शाखा सैक्टर-39, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा एक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की गई थी।
एसीपी क्राइम वरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया भारत सरकार एवं सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में पहचान किए गए सभी 13 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने (Deportation) की प्रक्रिया के तहत गुरुग्राम पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इस उद्देश्य के लिए 01 इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 23 पुलिसकर्मियों की एस्कॉर्ट टीम तैनात करके सभी 13 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षा के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली मालदा टाउन एक्सप्रेस के द्वारा गुरुवार को रवाना किया गया है।
एस्कॉर्ट टीम संबंधित विदेशी नागरिकों को पश्चिम बंगाल स्थित मालदा टाउन तक सुरक्षित पहुंचाएगी, जहां से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को निर्धारित नियमों, सुरक्षा मानकों एवं कानूनी प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराया जा रहा है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों जैसे झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा होटलों में रह रहे व्यक्तियों के दस्तावेजों एवं पहचान का सत्यापन किया जा रहा है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध अथवा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों एवं होटल/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं।
आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति रहता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें।
गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों एवं RWA से अपील करती है कि इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। आमजन की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान जारी रहेगा।
वैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों एवं वैध विदेशी नागरिकों को इस अभियान से घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। अभियान के संबंध में भ्रामक, झूठी अथवा मनगढ़ंत अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
Add A Comment

