संत महापुरुष समाज को सत्य, सेवा और राष्ट्रभक्ति की राह दिखाते हैं: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
उझाणा में सामुदायिक केंद्र बनवाने के लिए 1 करोड़ रुपये तथा गांव के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की’
नरवाना/, 27 जुलाई2026 / नरेंद्र जेठी
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। उनके आदर्श मानवता, सेवा, समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हैं। वर्तमान पीढ़ी को उनके जीवन मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि समाज में सद्भाव और संस्कारों की भावना और अधिक मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात सोमवार को जींद जिले के गांव उझाना में श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ जी महाराज के नवनिर्मित समाधि स्थल पर आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, रोहतक स्थित मठ अस्थल बोहर के महंत तथा राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत बालक नाथ, उझाना मठ के महंत राज नाथ, महंत पूर्ण नाथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उझाना में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये तथा गांव के अन्य विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप गांव में सड़क निर्माण, कुंड तालाब के जीर्णोद्धार, पानी निकासी का स्थाई समाधान तथा गांव के स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू करवाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में मत्था टेका तथा यज्ञ में पूर्णाहुति दी और ध्वजारोहण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी महा मानव की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा का अर्थ केवल विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाना नहीं होता बल्कि अपने जीवन में श्रद्धा को प्रतिष्ठित करना, अपने आचरण में सत्य को अपनाना, अपने व्यवहार में करुणा को उत्पन्न करना तथा समाज में सेवा तथा सद्भाव को प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि उझाना का पावन मठ लगभग 600 वर्षों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति हमारी आध्यात्मिक परंपरा में है।

नायब सिंह सैनी ने उझाना के धाम द्वारा गौशाला के संचालन की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला भारतीय संस्कृति की करुणा और संवेदना का जीवंत प्रतीक है। हमारी परंपरा में गौसेवा धार्मिक आस्था होने के साथ-साथ सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। प्रकृति और गौमाता की रक्षा व सम्मान की संस्कृति ही भारत को विश्व गुरु बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों ने सदैव समाज को एकजुट करने, मानव सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया है। जब-जब समाज भटका है, तब-तब संतों ने दीपक बनकर समाज को नई रोशनी दिखाई है। संतों के बताए मार्ग पर चलकर ही सशक्त और संस्कारित समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों के विचारों और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने ‘संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ शुरू की है, जिसके माध्यम से महापुरुषों की जयंतियां और स्मृति दिवस व्यापक स्तर पर मनाए जा रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। मोदीजी के नेतृत्व में जहां एक तरफ देश में आधुनिक ढांचे और सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ हमारी प्राचीन आध्यात्मिक परंपराएं संवर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय लिए गए 217 संकल्पों में से डेढ़ साल के समय में 66 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं जबकि शेष संकल्पों को पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा की तीसरे कार्यकाल में हरियाणा में देश के अन्य राज्यों के मुकाबले सबसे अधिक फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं, लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है, गरीब महिलाओं की रसोई में 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है, मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस तथा जिला अस्पतालों के जीर्णोद्धार तथा नए मेडिकल कॉलेज खोलने का कार्य हरियाणा में तेज गति से करवाया जा रहा है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के कल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की नीति पर कार्य कर रही है और प्रदेश में पारदर्शी तथा जनहितैषी शासन व्यवस्था स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ जी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने उपस्थितगण से संतों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, समाज सेवा और मानव कल्याण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उझाना में मंत्रोच्चारण के बीच मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परम पूज्य श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ जी महाराज के श्री चरणों में अपनी श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता के श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मंत्रोच्चारण के बीच मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में हिस्सा लिया और अपने कर कमलों से मंदिर में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पेड़ मां के नाम महिम के तहत खेल स्टेडियम उझाणा में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
संत समाज के महापुरुष और मुख्यमंत्री का एकसाथ होना अद्भुत संगम: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जींद की धरती पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम बना है, जो किसी विशेष मुहूर्त पर ही बनता है। यह वो समय है जब अपने संत समाज के महापुरुष और प्रदेश के राजा यानी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक साथ बैठे हैं। यह संगम प्रदेश में विकास, सुख, शांति और समृद्धि की बहार को और तेज करने वाला है।
दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री जैसी मुस्कुराहट, सरलता, कार्यशैली को अपनाने का कर रहे प्रयास: हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डाॅ. कृष्ण लाल मिड्ढा
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के हर जरूरतमंद की जरूरत के अनुसार अनेक योजना और नीतियां की तैयार किया हैं और उन्हें धरातल पर लागू करके लोगों तक योजनाओं व नीतियों के लाभ को पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची बिना पर्ची सरकारी नौकरियां दी जा रही है। मुख्यमंत्री के इस कार्य की पूरे देश में चर्चा हो रही है। दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी हरियाणा के मुख्यमंत्री जैसी मुस्कुराहट, सरलता, कार्यशैली की तारीफ करने के साथ-सा खुद भी अपनाने का प्रयास कर रहे हैं।
हरियाणा में सरकार ने खेतों के रास्ते भी किए पक्के: विधायक महंत योगी बालक नाथ
राजस्थान के तिजारा विधायक महंत योगी बालक नाथ ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तीव्र गति से विकास कार्य करवा रहे हैं। राजस्थान प्रदेश में अभी बहुत अधिक विकास कार्यों की जरूरत है, पर हरियाणा में भाजपा सरकार ने तो खेतों के रास्ते भी पक्के कर दिए हैं। मानव जाति के उत्थान के लिए बाबा खाकनाथ जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचकर मानव कल्याण का कार्य करें।
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे मौजूद
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा, तिजारा से विधायक महंत योगी बालक नाथ, कार्यक्रम के आयोजक महंत योगी पीर राजनाथ, महंत योगी पीर पूर्णनाथ, महंत योगी पीर जिताईनाथ, महंत संपूर्णानाथ ब्रह्मचारी, सूचना आयुक्त अमरजीत सिंह, जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन अमित ढाकल, भाजपा वरिष्ठ नेता जवाहर सैनी, करण प्रताप सिंह, पूर्व चेयरमैन हंसराज समैण, एडवोकेट मनदीप चहल, तेजपाल शर्मा, रीछपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष, सुरेंद्र हथो, सुरेंद्र प्रजापति, दिनेश गोयल, सत्यवान शर्मा, बैसाखी राम सैनी, राजेश शर्मा, सरपंच सुनील कुमार, सुरेश कुमार चहल, उझाना खाप प्रधान रोहताश सिंहमार, विनय मित्तल, ओम प्रकाश थुआ, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक फकीर चंद, मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, संत महात्मा तथा ग्रामीण मौजूद रहे।

