नरसिंह दास पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा कनिका ने बनाई हरियाणा टॉप रैंकर्स में जगह
नीट में शानदार सफलता पर कनिका का भव्य सम्मान, निदेशक बोले : यह सफलता हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणा
तरावड़ी /26 जुलाई 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स/रोहित लामसर
नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा के टॉप रैंकर्स में स्थान बनाने वाली नरसिंह दास पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा कनिका को विद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कनिका की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय निदेशक धर्मेंद्र खेड़ा ने कनिका को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कनिका ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उसकी सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कनिका की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा देगी।
विद्यालय संरक्षक मधु गुप्ता ने भी कनिका को बधाई देते हुए उसके लिए नगद पुरस्कार भेजा तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कनिका के पिता राजीव कुमार एवं भाई केशव ने इस सफलता का श्रेय बेटी की अथक मेहनत, नियमित अध्ययन, अनुशासन और विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
उन्होंने कहा कि कनिका ने पूरे समर्पण और लगन के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। नीट में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करने के साथ ही कनिका ने सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की दिशा में भी अपनी मजबूत दावेदारी सुनिश्चित की है।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक सुनीता गाबा, मनीष मित्तल, भवनीश वाधवा एवं दिनेश राणा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने कनिका को बधाई देते हुए उसके सफल चिकित्सकीय जीवन की कामना की।
Add A Comment

