पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी काम में बाधा डालने वाला आरोपी शुभम गिरफ्तार : जाखल पुलिस
जाखल, 27 जुलाई 2026/योगेश खनेजा
पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में जाखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम उर्फ गोनी पुत्र रामचंद्र निवासी गुरुद्वारा बस्ती, जाखल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना जाखल प्रभारी उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को जाखल पुलिस की टीम गुरुद्वारा बस्ती, जाखल में नशा तस्करी की रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के लिए पहुंची थी। इसी दौरान संदिग्ध शुभम उर्फ गोनी और अन्य व्यक्तियों ने पुलिस टीम को कार्रवाई करने से रोकने के उद्देश्य से सरकारी वाहन के आगे अवरोध उत्पन्न कर दिया तथा संदिग्ध व्यक्तियों को मौके से फरार कराने का प्रयास किया।
आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान ईएएसआई विनय कुमार के साथ मारपीट कर उन्हें चोटें पहुंचाई गईं तथा बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की गई। घटना में एक पुलिस कर्मचारी की वर्दी भी फाड़ दी गई। घायल पुलिस कर्मचारियों का सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
इस संबंध में जाखल पुलिस थाने में मुकदमा संख्या 101 दिनांक 26.07.2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296, 221, 132, 121(1), 190, 191(2) एवं 126 के तहत दर्ज किया गया था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जाखल पुलिस ने आरोपी शुभम उर्फ गोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की गहनता से जांच जारी है।

