थाना जाखल पुलिस की बड़ी सफलता: लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में फतेहाबाद पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना जाखल पुलिस ने तेजधार हथियार के बल पर एक भैंस व्यापारी से 1.90 लाख रुपये की नकदी लूटने की वारदात का मात्र कुछ ही समय में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रविंद्र सिंह उर्फ रवि उर्फ जुक्ता, यादविंद्र और सुखविंद्र सिंह—तीनों निवासी गांव लहल कलां, थाना लहरा गग्गा, जिला संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
शिकायतकर्ता किशोरी लाल, निवासी राम नगर, टोहाना ने जाखल थाने में दी शिकायत में बताया था कि वह जाखल और टोहाना क्षेत्र में भैंसों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। 28 जुलाई 2026 को वह अपना व्यापार समाप्त कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव चांदपुरा से टोहाना लौट रहा था। जैसे ही वह कुदनी हेड के पास पहुंचा, तो पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों में से एक ने तेजधार हथियार दिखाकर उसे डराया और गर्दन पर हथियार रखकर उसकी पैंट की अंदरूनी जेब से 1.90 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर थाना जाखल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और गहन छानबीन के जरिए तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से रविंद्र सिंह और सुखविंद्र सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उनके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, छीनाझपटी और चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि तीसरे आरोपी यादविंद्र का फिलहाल कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से लूटी गई नकदी, वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन की बरामदगी के साथ-साथ अन्य वारदातों के बारे में भी गहन पूछताछ की जा रही है। फतेहाबाद पुलिस स्पष्ट कर चुकी है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

