फतेहाबाद में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी: खालिस्तान के नाम से भेजी मेल
लिखा-संसद में भी बम फेंकेंगे; जांच तेज
फतेहाबाद /31 जुलाई 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
फतेहाबाद कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। खालिस्तान के नाम से भेजी गई मेल में फतेहाबाद के साथ-साथ हरियाणा-दिल्ली की सभी कोर्टों को भी उड़ाने की बात कही गई।
इसके अतिरिक्त भारतीय संसद को भी बम से उड़ाने की धमकी लिखी गई है। इसके बाद हिसार से डॉग स्क्वॉयड और बम डिस्पोजल दस्ते की टीम को बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर में जांच शुरू की। साथ ही पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया गया। गेट पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सेशन कोर्ट की मेल पर यह धमकी सुबह करीब 9 बजे आई। जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद एसपी निकिता खट्टर को मामले से अवगत करवाया गया। एसपी ने भी कोर्ट परिसर का दौरा किया।
करीब दो घंटे से भी ज्यादा समय तक जांच पड़ताल के बाद कोर्ट परिसर को आवागमन के लिए खोल दिया गया। दोपहर बाद कोर्ट परिसर में कामकाज शुरू हो सका।
वहीं, दूसरी तरफ वकीलों ने शुक्रवार को वर्क सस्पेंड रखा। यह वर्क सस्पेंड वकीलों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में रखा। इस दौरान कुछ देर के लिए वकील धरने पर बैठे।
बार एसोसिएशन के नेतृत्व में सुबह से ही वर्क सस्पेंड जारी रखा। इसी बीच यह धमकी भरी मेल आ गई। इसके बाद से वकीलों को भी बाहर भेज दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था चौबंद कर दी गई।
इससे पहले करीब 6 महीने पहले फतेहाबाद के लघु सचिवालय को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी। तब डीसी की मेल पर सुबह करीब 8 बजे मेल आई, जिसमें लघु सचिवालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने जांच की। बाद में वह धमकी फर्जी निकली थी।
Add A Comment

