रेवाड़ी में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, बेटे के एडमिशन से लौट रहे थे घर
रेवाड़ी /25 मई/ अटल हिन्द/ मनोज गोयल
रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा गांव धामलावास स्थित आईटीआई के पास करीब दो बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गांव बोड़िया कमालपुर निवासी 44 वर्षीय बृजमोहन, उनकी पत्नी 40 वर्षीय अनीता और 13 वर्षीय बेटे निमेष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपति अपने इकलौते बेटे निमेष का एडमिशन कराने राजस्थान के सीकर गए थे। देर रात परिवार स्कॉर्पियो में वापस रेवाड़ी लौट रहा था, तभी धामलावास के पास यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद तीनों शव वाहन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद क्रेन और गैस कटर की मदद ली गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह चार बजे शवों को बाहर निकाला गया।
परिजनों के अनुसार, बृजमोहन एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी अनीता सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। उनका बेटा निमेष परिवार का इकलौता चिराग था। इस हादसे के बाद परिवार में सिर्फ बृजमोहन के बुजुर्ग माता-पिता ही बचे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
रामपुरा थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।


