स्कॉर्पियो (एसयूवी) अनियंत्रित होकर करीब 1000 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रायगढ़/25 मई/ अटल हिन्द /एजेंसी
सतारा (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग स्थित अंबेनली घाट में एक स्कॉर्पियो (एसयूवी) अनियंत्रित होकर करीब 1000 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक दापोली से सतारा लौट रहे थे। सोमवार सुबह वाहन खाई में दिखाई देने के बाद हादसे का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि युवक शनिवार रात दापोली के हर्णे क्षेत्र से स्कॉर्पियो में रवाना हुए थे। जब वे तय समय तक सतारा नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान पुलिस को युवकों की अंतिम लोकेशन पोलादपुर क्षेत्र के एक मोबाइल टावर से मिली। इसके बाद महाबलेश्वर ट्रेकर्स, प्रतापगढ़ सर्च एंड रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से अंबेनली घाट इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार सुबह गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो दिखाई दी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घाट क्षेत्र में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण स्कॉर्पियो सीधे खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह कुचल गया।
मृतकों की पहचान महेश अनिल पवार, आदित्य अशोक सालुंखे, रितेश राजेंद्र लोखंडे, सुहास जितेंद्र लोखंडे, अंश समीर चव्हाण, उत्कर्ष आनंद शिंगटे, अनिल अभिमन्यु शिंगटे और नितिन किसान नायकोंडे के रूप में हुई है। सभी युवक सतारा जिले के असगांव (कोरेगांव तालुका) के निवासी बताए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सभी युवक दापोली घूमने गए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का पंजीकरण नंबर एमएच 11 डीएन 2340 बताया गया है।


