इच्छापुरी शिव धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
625 वर्ष से अधिक पुराना स्वयंभू स्थापित शिव धाम इच्छापुरी
भोले का सावन माह के पहले सोमवार को शिव भक्त श्रद्धालुओं के द्वारा अभिषेक
श्रद्धालुओं में मान्यता और विश्वास सच्चे मन से मांगी गई मन्नत होती है पूरी
फतह सिंह उजाला/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /03 अगस्त 2026
इच्छापुरी शिवधाम-दक्षिणी हरियाणा के साथ-साथ एनसीआर इलाके के पटौदी विधानसभा क्षेत्र के गांव इच्छापुरी में स्वयंभू स्थापित पौराणिक महत्व के चमत्कारी शिवलिंग का अभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ आया।
सावन माह के पहले सोमवार और सावन माह के महत्व को देखते हुए स्थानीय ग्रामीण और निवासियों के अलावा दूर दराज के इलाकों से अनेक शिवभक्त श्रद्धालु चमत्कारी शिवलिंग का अभिषेक करने के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन और संचालन ट्रस्ट कमेटी के द्वारा विशेष प्रबंध किए गए ।
बुजुर्गों और गांव इच्छापुरी के निवासियों के साथ-साथ मंदिर के पुजारी परिवार के मुताबिक लगभग 625 वर्ष पूर्व खेत में हल चलाते हुए अचानक से हल रुक गया। जहां हल रुका, वहां पर जमीन की जुताई किया जाने पर एक पत्थर दिखाई दिया।
खेत जुताई में किसी प्रकार की बाधा अथवा परेशानी नहीं हो, पत्थर को वहां से हटाने का प्रयास आरंभ हुआ। लेकिन जितना इस पत्थर को हटाने का प्रयास किया गया, उतना ही यह जमीन के नीचे बैठता चला गया।

यह सब देखकर खेत मालिक घबरा गया और ग्रामीणों को इसके विषय में जानकारी दी गई। बताया जाता है कि पड़ोस के ही एक विद्वान ज्योतिषाचार्य ब्राह्मण से इस विषय में संपर्क किया गया। सारे घटनाक्रम को जानने और देखने के बाद मन्नत मांगी गई की यदि बरसात हुई तो प्राण प्रतिष्ठित कर मंदिर की स्थापना की जाएगी।
प्रचलित कथाओं के मुताबिक हुआ भी ऐसा ही, मूसलाधार बरसात हुई और ग्रामीणों का विश्वास भी मजबूत होता चला गया। इसके उपरांत इस स्थान पर प्राण प्रतिष्ठा कर शिव मंदिर बनाया गया। जो कि आज हरियाणा के साथ-साथ साथ लगते राज्यों में इच्छापुरी शिव मंदिर के नाम से पौराणिक महत्व का शिव धाम शिव भक्त श्रद्धालुओं में आस्था का केंद्र बना हुआ है।
सावन माह के पहले सोमवार को अनगिनत शिव भक्त श्रद्धालु बच्चे, बुजुर्ग, महिला, पुरुष, भोले बाबा शिवलिंग का विभिन्न प्रकार से अभिषेक करने के लिए पहुंचे । यहां शिव मंदिर परिसर में सूर्य उदय होने से पहले ही जलाभिषेक किया जाने के लिए लंबी-लंबी लाइन लगा आरंभ हो गया।
स्वयंभू स्थापित शिवलिंग का अभिषेक किया जाने से पहले शिवलिंग के सामने ही स्थापित नंदी बाबा का विशेष रूप से पूजन करते हुए शिवलिंग के अभिषेक की श्रद्धालुओं के द्वारा इजाजत लेते हुए मन्नत भी मांगी गई। यहां पहुंचे शिव भक्त श्रद्धालुओं के द्वारा अपने-अपने अनुभव भी सांझा किए गए।
बड़ी संख्या में नव विवाहिता भी विवाह के उपरांत सावन माह के पहले सोमवार को यहां इच्छापुरी शिव मंदिर में स्वयंभू स्थापित शिवलिंग का श्रद्धापूर्वक अभिषेक करने के लिए पहुंची। यह चमत्कारी स्वयंभू स्थापित ( शिवलिंग) इच्छापुरी शिव मंदिर रेवाड़ी दिल्ली रेल खंड पर इच्छापुरी रेलवे स्टेशन के पास ही मौजूद है ।
रेल यात्रा के दौरान सफर करते हुए भी इस पौराणिक महत्व के मंदिर का दर्शन लाभ श्रद्धालुओं के द्वारा प्राप्त किया जाता है। यहां आने वाले अनगिनत श्रद्धालुओं के लिए शिव भक्तों के द्वारा भंडारा का आयोजन कर प्रसाद भी वितरित किया गया।
Add A Comment

