पटौदी के गांव राठीवास में डेढ़ करोड़ की लागत से सीसी रोड का शुभारंभ, सीएसआर फंड से संवर रही क्षेत्र की कनेक्टिविटी
दिनोकरी टेम्पो स्टैंड से सिधरावली गांव की सीमा तक डेढ़ किलोमीटर लंबाई
निर्माण कार्य ग्राम पंचायत के आग्रह पर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड से होगा
ग्रामीणों ने मेजबान सरपंच सुमन देवी और समाजसेवी मोतीराम राठी को सराहा
पटौदी/फतह सिंह उजाला/02 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पटौदी क्षेत्र के गांव राठीवास में संडे को विकास कार्यों की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में गांव के मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने इस परियोजना को गांव के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया। समाजसेवी एवं सरपंच प्रतिनिधि मोतीराम राठी ने बताया कि दिनोकरी टेम्पो स्टैंड से सिधरावली गांव की सीमा तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे मुख्य फिरनी मार्ग को सीसी रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि यह निर्माण कार्य ग्राम पंचायत के आग्रह पर निजी क्षेत्र के एक उपक्रम द्वारा सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के माध्यम से कराया जा रहा है।
मोतीराम राठी ने कहा कि सड़क बनने के बाद न केवल राठीवास के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि आकेड़ा, सिधरावली, पथरेड़ी और राठीवास राजपूत सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
यह मार्ग क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीणों के समय और परिवहन लागत में भी कमी लाएगा। इस अवसर पर महिपाल पंच, रमेश पंच, नरेंद्र पंच, राकेश पंच, जवाहर, प्रहलाद, करतार, दीनदयाल, शेर सिंह, इमरत सिंह, प्रदीप प्रिंसिपल, जयपाल फौजी सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने निर्माण कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।
तीन लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी निर्माणाधीन
इस मौके पर मौजूद प्रबुद्ध गमीणो ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान गांव के विकास को लेकर जो वादे किए गए थे, उनमें से लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरपंच सुमन देवी और उनकी पूरी टीम ने विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए गांव की तस्वीर बदलने का काम किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की सुविधा के लिए राठीवास मोड़ से गांव तक दो निःशुल्क ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं । इसके अलावा तीन लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे भविष्य में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
राठीवास में आधुनिक स्टेडियम निर्माण प्रस्तावित
युवाओं और बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए गांव में आधुनिक स्टेडियम का निर्माण भी प्रस्तावित है। वहीं पूरे गांव में सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
जिससे स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सरपंच सुमन देवी और सरपंच प्रतिनिधि मोतीराम राठी की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि पंचायत ने बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए हैं।
लोगों का कहना था कि गांव में सड़क, पानी, स्वच्छता, सुरक्षा और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं में हुए सुधार से राठीवास आज विकास की नई पहचान बना रहा है। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पंचायत इसी प्रकार जनहित के कार्य करती रहेगी और गांव को आदर्श गांव बनाने का सपना साकार होगा।
Add A Comment

