फतेहाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : घर में चल रहे हेरोइन सेवन एवं बिक्री के ठिकाने का किया भंडाफोड़, 16 आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग के कब्जे से 5.64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद, नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त
हेरोइन खरीदकर सेवन कर रहे 15 युवक व एक महिला पुलिस की गिरफ्त में, नाबालिग को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत शामिल किया गया
फतेहाबाद/1 अगस्त 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों एवं नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुनानकपुरा मोहल्ला स्थित एक मकान पर दबिश देकर हेरोइन (चिट्टा) के अवैध सेवन एवं बिक्री से जुड़े मामले का खुलासा किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 15 युवक और एक महिला शामिल हैं। वहीं एक नाबालिग को नियमानुसार किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत शामिल किया गया है। मौके से 5.64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा नशा सेवन में प्रयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की गई है।
थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस चौकी गुरुनानकपुरा की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गुरुनानकपुरा क्षेत्र में एक मकान में नाबालिग द्वारा आसपास के युवकों को बुलाकर हेरोइन उपलब्ध करवाने तथा नशा करवाने का अवैध कार्य किया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल रेडिंग पार्टी गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।पुलिस टीम ने मकान के ऊपर बने कमरे में छापेमारी की, जहां 15 युवक, एक महिला तथा एक नाबालिग हेरोइन का सेवन करते हुए मिले।
पुलिस को देखकर सभी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में पैसे एकत्रित कर नाबालिग से हेरोइन खरीदकर उसका सेवन कर रहे थे। नियमानुसार नाबालिग से पूछताछ उसके परिजनों की मौजूदगी में की गई तथा उसे किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत मामले में शामिल किया गया।
पुलिस द्वारा नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान 5.64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके अतिरिक्त मौके से 25 लाइटर, 18 सिल्वर फॉयल पन्नियां तथा करेंसी नोटों से बनाई गई 15 पाइपें बरामद की गईं, जिनका उपयोग हेरोइन सेवन के लिए किया जा रहा था।
इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में मुकदमा नंबर 330 दिनांक 31.07.2026 धारा 21(बी), 27(ए), 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू पुत्र लीलूराम निवासी भोडिया खेड़ा फतेहाबाद, हरविंद्र पुत्र सतपाल निवासी शक्ति नगर फतेहाबाद, प्रेम पुत्र शिगारा राम निवासी हिजरांवा कलां,
गुरनाम चंद पुत्र करतार सिंह निवासी हिजरांवा खुर्द, राहुल पुत्र रोहताश निवासी दौलतपुर फतेहाबाद, आकाश पुत्र बलबीर सिंह निवासी गुरुनानकपुरा मोहल्ला फतेहाबाद, सागर पुत्र अशोक निवासी अयाल्की फतेहाबाद, राकेश पुत्र ककुराम निवासी अहरवां, हरप्रीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी बड़ोलावाली, छिंदा पुत्र हंसराज निवासी बड़ोलावाली फतेहाबाद,
सलीम उर्फ लखनलाल पुत्र अर्जुन दास निवासी अशोक नगर फतेहाबाद, उग्रसेन पुत्र सुभाष निवासी भोडिया बिश्नोई हिसार, कुलदीप गोदारा पुत्र शेषकरण निवासी मोहम्मदपुर रोही फतेहाबाद, अमित पुत्र सत्यपाल निवासी मोहम्मदपुर रोही फतेहाबाद, प्रमोद पुत्र देवीलाल निवासी मोहम्मदपुर रोही फतेहाबाद तथा जसबीर कौर उर्फ किन्द्री पत्नी कृष्ण उर्फ ज्ञानी निवासी जाखन दादी रतिया हाल गुरुनानकपुरा मोहल्ला फतेहाबाद है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा नाबालिग को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Add A Comment

