मानव सेवा ट्रस्ट (पंजीकृत), एवं जीवीएम स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में “शिक्षा सहयोग अभियान” का भव्य आयोजन किया गया।
रणबीर सिंह रोहिल्ला/01 अगस्त 2026 /सोनीपत/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
मानव सेवा ट्रस्ट (पंजीकृत), एवं जीवीएम स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में “शिक्षा सहयोग अभियान” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना था।
इस अवसर पर कक्षा चौथी से नौवीं तक अध्ययनरत 12 जरूरतमंद विद्यार्थियों को मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा गोद लेते हुए उनकी पूरे शैक्षणिक वर्ष की संपूर्ण स्कूल फीस वहन करने की घोषणा की गई।
चयनित विद्यार्थियों में ऐसे बच्चे शामिल हैं, जिनके परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर हैं तथा कुछ बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है तो कुछ अपनी माता को खो चुके हैं। ट्रस्ट ने इन बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रखने का संकल्प भी लिया।
इस पुनीत कार्य में शालिनी सपरा, रोशन सपरा, मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सुमीत अलख, नरेश नासा एवं गौरव ठाकुर सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्यों ने उदारतापूर्वक सहयोग प्रदान किया।
सभी दानदाताओं ने समाज के समक्ष सेवा और मानवता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान इस शिक्षा सहायता अभियान की स्मृति में विद्यालय के एक्टिविटी हॉल के समीप एक स्मृति स्वर्ण पट्टिका का अनावरण भी किया गया, जो समाज के सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इस सराहनीय प्रयास का प्रतीक रहेगा।
इस अवसर पर मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सुमीत अलख ने कहा कि “शिक्षा किसी भी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति एक जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा का दायित्व उठा ले तो देश का भविष्य और अधिक सशक्त एवं उज्ज्वल बन सकता है।
कार्यक्रम को राकेश शर्मा, महेंद्र पाल वशिष्ठ, शकुंतला घाकर तथा डॉ. कविता ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने मानव सेवा ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए समाज से ऐसे मानवीय अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मानव सेवा ट्रस्ट एवं विद्यालय प्रबंधन के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें गौतम सचदेवा, भूपेश चंदना, कृष्ण पाल शर्मा, विजय मलिक, विनय, पवन शर्मा, रंजन सहगल, डॉ. नीलम परूथी सहित अनेक प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि मानव सेवा ट्रस्ट भविष्य में भी आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा, ताकि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपनी शिक्षा से वंचित न रहे। “शिक्षा सबसे बड़ा दान है और मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।

