सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर संस्थान में मिल रहा है विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण: डा मनीष मिश्रा
महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में प्रवेश और युवाओं को दी जा रही सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई
अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /कुरुक्षेत्र/ 03 अगस्त 2026 /शशि अरोड़ा
सांसद नवीन जिन्दल की प्रेरणा एवं नवीन जिन्दल फाउंडेशन के मार्गदर्शन में संचालित महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संस्थान की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने की।
बैठक में डॉ. मनीष मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संस्थान में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाया जाए तथा विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तकनीक आधारित कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र का प्रत्येक युवा कौशल से सशक्त बने और उसे देश-विदेश में सम्मानजनक रोजगार के अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले संस्थान में अंतरराष्ट्रीय रोजगार के लिए विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया था, जिसमें कुशल एवं अनुभवी अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित युवाओं को ओमान में रोजगार मिल चुका है, जो संस्थान की गुणवत्ता और प्रशिक्षण का प्रमाण है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट ड्राइव नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में प्रवेश लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यहां आधुनिक लैब, अत्याधुनिक तकनीकी संसाधन तथा अनुभवी प्रशिक्षकों की उपलब्धता है। विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनके लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित हो सकें।
बैठक में संस्थान की आगामी प्रशिक्षण योजनाओं, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों तथा अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अभिषेक सहगल, कुणाल धवन, डॉ. राज कुमार सहित संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Add A Comment

