मूनक देखते ही देखते कई परिवारों के सदस्य बीमार पड़ गए और अस्पतालों की ओर भागदौड़ शुरू हो गई।
मूनक /संगरूर /27 मई / अटल हिन्द ब्यूरो
पंजाब के संगरूर जिले के मूनक क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया जब दावत में खाना खाने के बाद करीब 72 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बीमार होने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। लोगों को उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के अनुसार, मूनक के एक पैलेस में आयोजित शादी समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। रात में भोजन करने के कुछ समय बाद कई लोगों की हालत खराब होने लगी। देखते ही देखते कई परिवारों के सदस्य बीमार पड़ गए और अस्पतालों की ओर भागदौड़ शुरू हो गई।
स्थानीय निवासी जयपाल सिंह, गुरपाल सिंह, जगतार सिंह, जगसीर सिंह और हरप्रीत सिंह ने बताया कि शादी में खाना खाने के बाद उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सरकारी अस्पताल मूनक के डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि अब तक 35 से 40 मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य मरीज लगातार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों की निगरानी बढ़ाने तथा बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कुछ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए संगरूर रेफर किया गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग शादी समारोह में परोसे गए भोजन के सैंपल की जांच की तैयारी में जुटा हुआ है।


