कैथल/14 सितंबर/राजकुमार अग्रवाल
कैथल में रविवार देर शाम को एक डॉक्टर को गोली मारी गई है। सेक्टर 21 में एक अप्रेंटिस डॉक्टर पर स्कूटी सवार युवक ने गोली चलाई है। हादसे में घायल डॉक्टर प्रतीक कुमार सेक्टर 19 के रहने वाले हैं और शाम को करीब 7 बजे सैर करने के लिए सेक्टर 21 में गए हुए थे।
वहां पर अज्ञात स्कूटी सवार युवक ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि गोली डॉक्टर के पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। डॉक्टर को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना पाकर डीएसपी मुख्यालय वीरभान मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। वहीं जांच के लिए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची व साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
प्राथमिक जांच में पता चला कि प्रतीक कुमार ने एमबीबीएस की डिग्री की हुई है और वे आदेश अस्पताल शाहाबाद में इस समय प्रैक्टिस कर रहे थे। उनका किसी युवक के साथ पैसों का लेनदेन था, जिसके चलते उन पर गोली चलाई गई। डीएसपी मुख्यालय वीरभान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस सीआईए 1 व 2 की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आरोपी मौके से फरार है। पुलिस की ओर से मामले की आगामी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थूआ गांव निवासी डॉक्टर प्रतीक कालीरमण पर गोली चलाने के पीछे बूढ़ाखेड़ा निवासी जितेंद्र का नाम सामने आया है। जितेंद्र की कैथल अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। डॉक्टर के पिता गुलाब सिंह, जो प्रिंसिपल पद से रिटायर हो चुके हैं, उसने अपनी रिटायरमेंट की राशि आरोपी परिवार को दी थी।
पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जो अब गोलीकांड तक पहुंच गया।