8वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल की अवार्ड समारोह में मासूम शर्मा मनोरंजन करेंगे
कुरुक्षेत्र/27 मार्च/अटल हिन्द ब्यूरो
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित 8वें हरियाणा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सांस्कृतिक रंगों के साथ-साथ हरियाणवी संगीत की गूंज भी सुनाई देगी। महोत्सव के दौरान मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा अपनी लाइव प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा संस्कृति सोसाइटी फॉर आर्ट एंड कल्चरल डेवलपमेंट, कुरुक्षेत्र के सहयोग से 8वें हरियाणा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में देश-विदेश की फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित होने वाली संगीत संध्या में मासूम शर्मा व जगबीर राठी अपने लोकप्रिय हरियाणवी गीतों से माहौल को यादगार बना देंगे। इस फिल्म महोत्सव में कई प्रसिद्ध फिल्म कलाकार, निर्देशक और सांस्कृतिक हस्तियां भी भाग ले रही हैं।युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने बताया कि मासूम शर्मा हरियाणवी संगीत जगत का जाना-पहचाना नाम हैं और उनके गीत युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं।

फेस्टिवल निदेशक धर्मेन्द्र डांगी ने बताया कि फिल्म महोत्सव के दौरान कई प्रसिद्ध फिल्म कलाकार, निर्देशक और सांस्कृतिक हस्तियां भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंच रही हैं। इस आयोजन में फिल्मों की स्क्रीनिंग, कलाकारों के साथ संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सिनेमा और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि यह महोत्सव न केवल विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जोड़ रहा है, बल्कि हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और कला को भी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर हरियाणा के जाने माने गायक मासूम शर्मा, जगबीर राठी, अंजलि राघव मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर उनके साथ कलाकार फिल्मी अनूप जलोटा, अमिता नांगिया, अवतार गिल, निशा शर्मा, राम मेहर महला उपस्थिति से महोत्सव की गरिमा को और बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि 8वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का अवार्ड समारोह का आयोजन आज दोपहर बाद आयोजित किया जाएगा इसमें स्क्रीन की गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों, अभिनेताओं एवं फिल्मों एवं संस्कृति में योगदान देने वाली महान विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।


