हिम्मतपुरा पैक्स ऑफिस पर सीएम फ्लाइंग की रेड: 11 घंटे तक चली जांच
दो लाख का स्टॉक गायब, 20 प्रकार की वस्तुएं कम मिली
टोहाना /9 मई /योगेश खनेजा
सीएम फ्लाइंग टीम ने टोहाना के गांव हिम्मतपुरा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई 11 घंटे की जांच में करीब दो लाख रुपए का स्टॉक कम पाया गया।
जांच टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग टीम इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने किया। इसमें कृषि विभाग से एसडीओ मुकेश मेहला, विकास अधिकारी सुरेश कुमार और इंस्पेक्टर सतबीर सिंह शामिल थे। टीम ने मौके पर स्टॉक का मिलान किया, जिसमें सूक्ष्म खाद और दवाइयों सहित लगभग 20 प्रकार की वस्तुएं कम मिली।
इनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपए है। विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पैक्स प्रबंधक बलजिंदर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उन्हें स्टॉक की रिकवरी के आदेश दिए जाएंगे और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
बता दें कि, 23 अप्रैल को विकास अधिकारी सुरेश कुमार के निरीक्षण के दौरान प्रबंधक बलजिंदर सिंह अनुपस्थित पाए गए थे। उस समय कन्हड़ी, हिम्मतपुरा और नथुवाल बिक्री केंद्रों पर यूरिया के 2186 बैग और डीएपी के 1070 बैग कम मिले थे, जिनकी कुल कीमत 20.27 लाख रुपए थी।
महाप्रबंधक छैलू राम के निर्देश पर प्रबंधक बलजिंदर सिंह ने 24 और 27 अप्रैल को कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित में स्टॉक की कमी की जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने 5 मई तक 20.27 लाख रुपए जमा कराने का वादा किया था।
शाखा प्रबंधक को जीएम द्वारा तीन दिन बाद दोबारा जांच करने तथा फिर कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इस मामले की जांच की मांग गांव कन्हड़ी निवासी महिला दर्शना ने सीएम नायब सैनी और जिला उपायुक्त फतेहाबाद को शिकायत भेजकर की थी।
Add A Comment


