मां केवल जन्म देने वाली ही नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा होती है-मन्जू आर्य
नरवाना,/ 9 मई, /नरेन्द्र जेठी
आर्य प्रतिनिधि सभा हरयाणा द्वारा संचालित आर्य कन्या महाविद्यालय नरवाना में कार्यक्रम का आयोजन किया गया । आर्य समाज प्रधान चंद्रकांत आर्य की धर्मपत्नी मंजू आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंजू आर्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मां केवल जन्म देने वाली ही नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा होती है।
उन्होंने कहा कि मां का सम्मान करना, उनकी भावनाओं को समझना और उनके बताए संस्कारों पर चलना हर बच्चे का पहला कर्तव्य है। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर कठिनाई का सामना करती है,
उसी प्रकार बच्चों को भी अपने जीवन में मेहनत, अनुशासन और संस्कारों को अपनाकर अपनी मां का नाम रोशन करना चाहिए। मंजू आर्य ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि मां के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन अपनी मां का सम्मान करें और उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। उनके प्रेरणादायक संदेश ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों और अभिभावकों को भावुक कर दिया। विद्यालय प्राचार्य मीना गर्ग ने बताया कि प्राथमिक कक्षाओं की छात्राओं ने इस आयोजन में भाग लिया।
इस अवसर पर छात्राओं की माताओं को सम्मान रूप में कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने गीत, नृत्य, कविता व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मातृ शक्ति को नमन किया।
छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या मीना आर्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां जीवन की पहली गुरु होती है और उनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।उनके संस्कार ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
मुख्य अतिथि ने अपने संदेश में छात्राओं को अपनी माताओं का सम्मान करने और उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया और कहा की माताओ को अपने बच्चे को मोबाइल की जगह समय देना चाहिए, कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि छात्राओं की माताओं ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन कमला नैन व रूची शर्मा ने किया,कार्यक्रम का समापन मातृ शक्ति के सम्मान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


