कैथल में अनोखी शादी: 3 फीट के विक्रम और प्रियंका की जोड़ी ने जीता लोगों का दिल
कैथल /11 मई /अटल हिन्द /राजकुमार अग्रवाल
कैथल जिले के चंदाना गांव में एक अनोखी शादी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव निवासी 26 वर्षीय विक्रम, जिसकी लंबाई करीब 3 फीट है, ने जींद जिले के हाट गांव की 25 वर्षीय प्रियंका के साथ सात फेरे लिए।
शादी के बाद जैसे ही दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुंचा, पूरे इलाके में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीण नवविवाहित जोड़े को देखने के लिए बड़ी संख्या में घर के बाहर जुट गए।
किसी ने दोनों के साथ सेल्फी ली तो किसी ने उन्हें आशीर्वाद देकर नए जीवन की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों के अनुसार, विक्रम दुल्हन को लेने बुलेट मोटरसाइकिल पर डांस करते हुए जींद पहुंचा था, जिसने शादी को और भी खास बना दिया।

विक्रम ने बताया कि कम लंबाई होने की वजह से उसकी शादी में काफी दिक्कतें आ रही थीं। पहले भी कुछ रिश्ते आए, लेकिन उस समय परिवार ने बड़े भाइयों की शादी को प्राथमिकता दी। बाद में रिश्ते मिलना मुश्किल हो गया, हालांकि परिवार लगातार अपनी बिरादरी में लड़की की तलाश करता रहा। आखिरकार प्रियंका के साथ रिश्ता तय हुआ और दोनों विवाह बंधन में बंध गए।
विक्रम जागरण मंडली में काम करता है। उसने बताया कि कार्यक्रमों में जाते समय लोग अक्सर उसकी शादी को लेकर सवाल करते थे, लेकिन उसने हमेशा परिवार की जिम्मेदारियों को पहले रखा। बड़े भाई-बहनों की शादी पूरी होने के बाद उसने खुद घर बसाने का फैसला लिया।
पिता दर्शन लाल ने बेटे की शादी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बहू के घर आने से परिवार में नई खुशियां आई हैं। पूरे परिवार में उत्साह और जश्न का माहौल है।


