जरूरतमंदों के दाह संस्कार का पूरा खर्च उठाएगी श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति : सुभाष गुप्ता
स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के जन्मोत्सव पर समिति ने लिया सेवा, सहयोग और मानवता का संकल्प
तरावड़ी/13 मई /रोहित लामसर
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 15 मई को करनाल में भव्य श्री राधा जागरण का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक कार्यक्रम सायं 7 बजे से प्रभु इच्छा तक श्रद्धा से संपन्न होगा।
श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति द्वारा विभिन्न स्थानों पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। तरावड़ी शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र से पहुंचे धीरज वालिया ने की।
इस दौरान महाराज जी के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियों और सेवा कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने निर्णय लिया कि 15 मई को नगर की गरीब बस्तियों में फल वितरण किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोग भी इस पावन अवसर का हिस्सा बन सकें।
इस दौरान निर्णय लिया गया कि यदि किसी गरीब परिवार के पास दाह संस्कार के लिए पर्याप्त साधन नहीं होंगे, तो उसका पूरा खर्च समिति द्वारा उठाया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को चिकित्सा सहायता और दवाइयों के लिए भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
समिति ने यह भी तय किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी सदस्य विशेष ड्रेस कोड में मौजूद रहेंगे, जिससे तरावड़ी शाखा की अलग पहचान स्थापित हो सके। समिति पदाधिकारियों ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में करनाल पहुंचकर श्री राधा जागरण में भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
बैठक में समिति के संरक्षक प्रवीण गर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र बंसल, अनिल गुप्ता, नरेश अरोड़ा, योगेश मिड्डा, मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष राजीव नारंग, मुकेश गर्ग, रामनिवास बंसल, रंजीत भारद्वाज, यश सलूजा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
Add A Comment


