प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्रामीण राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ई-मित्र या ऑनलाइन आवेदन करें
जयपुर/ /13 मई/अटल हिन्द/दिनेश जांगिड़
शिक्षा मंत्री तथा फलौदी जिले के प्रभारी मंत्री मदन दिलावर बुधवार को जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत कोलू पाबूजी में ग्राम रथ अभियान का अवलोकन करते हुए आमजन की परिवेदनाएं सुनी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में आमजन को जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों ने सुना।
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा आमजन को योजनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए ग्राम रथ अभियान का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की राशि सीधा पात्र लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जा रही है। इस दौरान कृषि विभाग,पंचायत राज विभाग,समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों को पालनहार योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत 2500 रुपए महीने पालनकर्ता को दिए जाते हैं, जिससे पालनकर्ता को बच्चों के पालन पोषण के लिए आर्थिक सम्बल मिलता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लाड़ो प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है।
इसके तहत बालिका के जन्म से लेकर स्नातक तक 7 किस्तों में 1 लाख 50 हजार रुपए दिये जा रहे हैं। इसी प्रकार सरकारी विद्यालयों में उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा के साथ बच्चों को निःशुल्क किताबें, ड्रेस, खाना, साइकिल दी जा रही है। साथ ही स्कूटी के लिए 70 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राजकीय विद्यालयों का बोर्ड परिणाम निजी विद्यालयों से आगे रहा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एकीकृत शिक्षा में राजस्थान प्रथम स्थान पर हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्रामीण राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ई-मित्र या ऑनलाइन आवेदन करें। इसमें किसी भी प्रकार की समस्या आने पर सरकार की त्रि स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत, द्वितीय पर उपखंड तथा तृतीय गुरुवार को जिला स्तर पर अपनी समस्याएं दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि अब गांवों में भी शहरों की तर्ज पर आगामी दो सालों में समुचित रोशनी की जायेगी।
ग्रामीणों से संवाद :- शिविर के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद किया। साथ ही स्वच्छता,कचरा संग्रहण वाहन सहित अन्य ग्रामीण विकास के कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से विद्यालयों में मरम्मत कार्य करवाए जायेंगे। शिविर के दौरान जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने ग्रामीणों को ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य बताया तथा 23 से 25 मई को जयपुर में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में भाग लेने के कहा। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी उपस्थित रहे।


