भतीजे ने ताई की हत्या कर आरी से काट डाले दोनों पैर, चांदी के कड़ों के लालच में जघन्य वारदात , Jaipur Murder
चांदी के कड़ों और कुछ जेवरों के लालच में उसकी जिंदगी छीन ली. हैरानी की बात यह भी रही कि हत्या के बाद आरोपी कई दिनों तक परिवार के लोगों के साथ बैठकर महिला को तलाशने का दिखावा करता रहा, ताकि किसी को उस पर जरा भी शक नहीं हो.
जयपुर / 23 जून 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो / दिनेश जांगिड़
इतना बेरहम जल्लाद भी शायद नहीं होता, जितना भतीजे ने ताई के साथ किया। कर्ज चुकाने के लालच में भतीजे ने ताई की हत्या कर दी और चांदी के कड़ों के लिए आरी से उसके दोनों पैर काट डाले।
जयपुर के शिवदासपुरा इलाके में हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर दक्षिण पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।
मृतका के सगे भतीजे सूरज बैरवा और उसके सहयोगी विनोद बैरवा को गिरफ्तार कर लिया गया है।18 जून 2026 को बराला गांव के पास ढूंढ नदी क्षेत्र के एक कुएं में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। जांच में मृतका की पहचान बल्लूपुरा निवासी 54 वर्षीय बीना देवी बैरवा के रूप में हुई। बीना देवी 11 जून से लापता थीं और उनके गुमशुदगी का मामला पहले ही दर्ज था।
शव की हालत देखकर सभी हैरान रह गए। महिला के दोनों पैर आरी से काटे गए थे और पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब थे। शव को साड़ी और भारी पत्थर से बांधकर करीब 60 फीट गहरे कुएं में फेंका गया था ताकि शव ऊपर न आए और सबूत मिट जाएं।पुलिस ने विशेष टीम गठित की।
टीम ने 200 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की और तकनीकी-साक्ष्य जुटाए। जांच में मृतका का 24 वर्षीय भतीजा सूरज बैरवा शक के दायरे में आया। लंबी पूछताछ और मनोवैज्ञानिक दबाव में सूरज ने जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस के अनुसार सूरज पर ढाई लाख रुपये का कर्ज था। उसे पता था कि ताई बीना देवी के पास चांदी-सोने के जेवर हैं।
11 जून को बीना देवी ने सूरज से पदमपुरा दवाई लेने चलने को कहा। आरोपी उन्हें बहाने से ढूंढ नदी क्षेत्र में हरि घास खोदने ले गया। वहां पीछे से फावड़े से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल किया और हत्या कर दी।
हत्या के बाद सूरज ने चांदी के कड़ों को निकालने के लिए आरी का इस्तेमाल किया। जब काम नहीं बना तो दोनों पैर ही काट डाले। इसके बाद कानों के सोने के टॉप्स और नाक की बाली भी उतार ली।
रात में उसने अपने 24 वर्षीय साथी विनोद बैरवा को बुलाया। दोनों ने शव को साड़ी और पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया।वारदात के बाद सूरज परिवार के साथ ताई की तलाश में भी शामिल रहा और बेगुनाह बनकर व्यवहार करता रहा।शिवदासपुरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उनकी निशानदेही पर लूटे गए चांदी के कड़े, मृतका का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस अन्य साक्ष्यों की जांच जारी रखे हुए है।यह घटना रिश्तों के भरोसे को तोड़ने वाली है। जिस ताई ने भतीजे को अपना परिवार मानकर भरोसा किया, उसी ने जेवरों के लालच में उसकी हत्या कर दी।


