सीनियर सिटीजंस की जनहितकारी मांगों को लेकर हस्ताक्षर अभियान ने पकड़ी जोरदार रफ्तार
मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों की नेहरू पार्क में सीनियर सिटीजंस के साथ हुई बैठक
सीनियर सिटीजंस की समस्याओं का समाधान होने तक जनहितकारी प्रयास निरंतर किएं जाएंगें : अशोक प्रधान
रेवाड़ी /03 मई /अटल हिन्द ब्यूरो
जनहित में ‘मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान’ के तहत राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारी शहर के ऐतिहासिक नेहरू पार्क में सीनियर सिटीजंस से मिलने पहुंचे ।
मुलाकात में सीनियर सिटीजंस ने अपनी ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया । इस सिलसिले में हुई बैठक में समस्याओं का समाधान होने तक आवाज बुलंद करने का सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया गया ।
बैठक में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच सहित कोर कमेटी के सदस्यों महेश कौशिक ,बीके राम सिंह आदि को अपने बीच पाकर सीनियर सिटीजंस ने जोरदार खुशी प्रकट की । कुशलक्षेम पूछने पर सीनियर सिटीजंस ने कहा बुढ़ापे में उनका शरीर दिनोंदिन कमजोर तथा आमदनी घट जाती है ।
इसलिए प्रत्येक महिला-पुरूष सीनियर सिटीजन को न्यूनतम एक पेंशन पाने का मौलिक अधिकार मिलना उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए अत्यन्त आवश्यक है ।
सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान ने कहा कि गौरवमय जीवन जीने के अधिकार के तहत संसद एवं विधानसभाओं में ‘सीनियर सिटीजन फंडामेंटल सोशल सिक्योरिटी पेंशन एक्ट’ तुरंत पास होना चाहिए जिससे प्रत्येक सीनियर सिटीजन को न्यूनतम एक पेंशन पाने की गारंटी तत्काल मिल सके ।
उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि जिस सीनियर सिटीजन महिला या पुरुष को कोई भी पेंशन नहीं मिल रही है, उनसे मानवीय आधार पर सहानुभूति रखते हुए तुरंत प्रभाव से पेंशन शुरू करनी चाहिए ।
इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को आवश्यकता पड़ने पर ‘ऑन कॉल घर पर डॉक्टर व मेडिकल सुविधाएं’ नि:शुल्क उपलब्ध करानी चाहिए ।
सीनियर सिटीजंस ने कहा कि लोक सेवा मंच ने जनहित में देश- प्रदेश के हर जिले में डेडिकेटिड सीनियर सिटीजंस रेजिडेंशियल सेक्टर, फ्री ओल्डएज होम , इमरजेंसी में सहायता के लिए सीनियर सिटीजंस हेल्पलाइन तुरंत शुरू करने, मेडिकल जांच व इलाज नि:शुल्क उपलब्ध कराने तथा ट्रेन -बस व हवाई यात्रा किरायों में 70 फ़ीसदी की छूट, कार्यालयों- न्यायालयों में सीनियर सिटीजन प्रोटोकॉल तत्काल लागू करने , हर सीनियर सिटीजन को पेंशन पाने का मौलिक अधिकार देने सहित प्रत्येक गांव में व शहर के हर वार्ड- सेक्टर में सीनियर सिटीजंस क्लब खोलने आदि की जो मांगें उठाई है वे पूर्णतया जायज हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारों को इन पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए ।
राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक अशोक प्रधान ने कहा कि सीनियर सिटीजंस के सामाजिक हालात अच्छे नहीं हैं । उनकी ज्वलंत समस्याओं का समाधान होने तक जनहित में मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा । इस सिलसिले में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री, मुख्यमंत्री व पीएम मोदीजी को पत्र लिखे जाएंगे । हस्ताक्षर अभियान को लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है । बैठक में सुरेंद्र यादव एडवोकेट, लक्ष्मी नारायण, प्रभात सिंह, रामप्रताप , श्रीमती लक्ष्मी देवी, रामकरण रामप्रताप आदि सीनियर सिटीजंस ने भी अपने विचार रखें ।
Add A Comment


