रोहतक के कैफे में भीषण ब्लास्ट कैफे संचालक फरार
रोहतक/21 अप्रैल /अटल हिन्द ब्यूरो
रोहतक के सोनीपत स्टैंड पर स्थित एक कैफे में अचानक से ब्लास्ट हो गया जिससे नजदीक के बिल्डिंग्स के शीशे टूट गए. ब्लास्ट इतना भयानक था कि करीबन 50 मीटर दूर सिलेंडर के टुकड़े एक घर में जा गिरे. पुलिस अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे हैं. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कैफे संचालक फरार हो गया है.
पुलिस के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी जिसके बाद सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और भीषण आग की लपटें निकलने लगी.पड़ोस में रहने वाले सुशील कुमार ने बताया कि वे अंदर बैठकर काम कर रहे थे. तभी अचानक से तेज धमाका हुआ. बाहर जाकर देखा तो आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था. वहीं दमकल विभाग अधिकारी दीपक ने बताया कि दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर का काबू पा लिया गया है. फिलहाल राहत की बात ये है कि किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है.
फिलहाल शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने का कारण बताया जा रहा है. लेकिन फिर भी पूरे मामले में जांच की जाएगी.


