कलायत नगर पालिका कार्यालय पर सफाई कर्मचारियों ने जड़ा ताला
कलायत /8 मई / अटल हिन्द /तरसेम सिंह
कलायत में सफाई कर्मचारियों ने आठवें दिन आंदोलन को तेज करते हुए अपनी मंागों के समर्थन में नगर पालिका कार्यालय भवन पर ताला जड़ दिया। कर्मचारी नेताओं ने खुद भवन के अंदर स्थित प्रत्येक कक्ष एवं गैलरी में जाकर इन्हें खाली करने की सख्त चेतावनी दी।
कर्मियों के कड़े रुख को देखते हुए जन प्रतिनिधियों व अधिकारी-कर्मचारी कमरों से बाहर आ गए। उपरांत सफाई कर्मियों ने भवन के मुख्य द्वार पर ताला जड़़ते हुए नारेबाजी की। इस प्रकार के गर्म तेवर शायद हरियाणा प्रदेश की किसी नगर पालिका में पहली बार देखने को मिले हों।
इससे पहले जन प्रतिनिधि व अधिकारी अकसर प्रदर्शनकारियों से अपील करते हुए तालाबंदी जैसे निर्णय को टालने में सफल रहते थे। कलायत में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों को मनाने में किसी को सफलता नहंी मिल पाई और उन्होंने तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों के बच्चे भी नजर आए।
सफाई कर्मचारी संगठन प्रधान संजीव कुमार, नवीन कुमार, सोमदत्त, सचिन संजय, बीरो देवी, मनप्रीत, बिमला देवी व अन्य कर्मियों ने कहा कि अभी यदि समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो यह हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाई जाएगी।
इस बीच धरना-प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा। शहर में फैल रही गंदगी और आम जनता को होने वाली परेशानियों के लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। मौजूदा सरकार ने अपने शासनकाल में एक भी सफाई कर्मचारी को पक्का नहीं किया।
कांग्रेस सरकार के समय बनाई गई कर्मचारी पॉलिसी पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक अब हट चुकी है। हरियाणा सरकार उस पॉलिसी को लागू कर कर्मचारियों को नियमित नहीं कर रही है।
सफाई सेवक अपने जीवन का अहम समय समाज और राष्ट्र की सेवा में लगा चुके हैं। बदले में उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। कर्मचारियों ने मुख्य रूप से कर्मियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, डोर-टू-डोर कर्मचारियों को पैरोल पर लेने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होती उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Add A Comment


