कंपनी का नाम अडाणी नहीं, मोदानी होना चाहिए-राहुल गांधी
गुरुग्राम पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गर्जना
गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह की अगुवाई में सद्भाव यात्रा में शिरकत की
भाजपा ने संविधान और जनता के अधिकारों पर हमला किया
नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का नारा जनता के बीच से निकला
देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई एक नफरत की राजनीति और दूसरी कांग्रेस की विचारधारा
गुरुग्राम / 8 मई / अटल हिन्द / फतह सिंह उजाला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा में शामिल होकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।राहुल गांधी खांडसा चौक से एसडी स्कूल तक लगभग एक किलोमीटर की दूरी पैदल चले। यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका भारी स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बृजेंद्र सिंह की यह यात्रा जनता से जुड़ने और राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने का बेहतर जरिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवा नेताओं को पूरे देश में इसी तरह जनता के बीच यात्राएं निकालनी चाहिए।
अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का नारा जनता ने ही दिया था और आज भी देश को इसी सोच की जरूरत है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से छोटी इंडस्ट्री खत्म हो रही हैं और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन का माल भारत में बेचा जा रहा है, जबकि देश के उद्योग और किसान संकट में हैं। अमेरिका-भारत समझौते पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि कृषि क्षेत्र को अमेरिकी कंपनियों और किसानों के लिए खोला जा रहा है, जिससे भारतीय किसान प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अमेरिका के दबाव में फैसले ले रही है।
नरेंद्र मोदी ट्रंप के कंट्रोल में हैं’: राहुल गांधी ने कहा कि “नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नियंत्रण में हैं। मैं इसके सबूत दे सकता हूं। कुछ दिन पहले यूएस-इंडिया के बीच हुई डील याद होगी। इस डील में भारत ने अमेरिका को क्या दिया और अमेरिका ने भारत को क्या दिया? ऐसी डील कोई नहीं कर सकता। यह डील प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी दबाव में की है।
पहला, हमारे कृषि क्षेत्र को अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है। दाल, अखरोट, बादाम अब अमेरिका के किसान भारत में बेचेंगे। उनके हजारों एकड़ खेत हैं, हमारे छोटे खेत हैं। इससे भारत के किसान बर्बाद हो जाएंगे
दूसरा, साढ़े नौ लाख करोड़ रुपये का सामान भारत अमेरिका से खरीदेगा, जिससे हरियाणा की पूरी इंडस्ट्री खत्म हो जाएगी।
तीसरी सबसे खतरनाक बात यह है कि हम उन्हीं देशों से तेल खरीदेंगे जिनकी अनुमति ट्रंप देंगे। ट्रंप की अनुमति के बिना हम किसी से तेल नहीं खरीद सकेंगे।
आपका पूरा डेटा नरेंद्र मोदी ने अमेरिका को सौंप दिया है। आपकी बातचीत, मैसेज, बीमारी और अस्पताल का डेटा सब कुछ अमेरिका को दे दिया गया। भारत को कुछ नहीं मिला, जीरो मिला। हमारा टैक्स बढ़ गया, उनका टैक्स जीरो हो गया। हमारा डेटा चला गया, कृषि क्षेत्र गया, इंडस्ट्री बर्बाद हुई, लेकिन अमेरिका का कुछ नहीं गया।”
‘एप्सटीन फाइल्स में पीएम नरेंद्र मोदी का नाम’: राहुल गांधी ने कहा कि “आपने एपस्टीन फाइल्स का नाम सुना होगा। अमेरिका में साढ़े तीन लाख फाइल्स हैं। नरेंद्र मोदी का नाम उन्हीं फाइलों में है। ट्रंप कहते हैं कि वे नरेंद्र मोदी का करियर मिनटों में खत्म कर सकते हैं। दूसरा कारण अडाणी है। अमेरिका अडाणी पर क्रिमिनल केस चला रहा है,
लेकिन वे भारत से बाहर नहीं निकल सकते क्योंकि बाहर जाते ही अमेरिका उन्हें पकड़ लेगा। यह केस अडाणी पर नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी पर है। अडाणी और मोदी एक ही हैं। पूरा देश जानता है कि बीजेपी का फाइनेंशियल सिस्टम अडाणी है। ट्रंप को भी यह पता है। इसलिए उन्होंने केस लगाया और भारत के प्रधानमंत्री को कंप्रोमाइज कर दिया। अब हालात यह हैं कि ट्रंप कहेंगे जंप मारो तो मोदी जंप मार देंगे। यही सच्चाई है।”
राहुल ने कहा कि “मैंने संसद में भाषण दिया। एप्सटीन का नाम लिया तो नरेंद्र मोदी ने अमित शाह को इशारा किया। इसके बाद चार घंटे तक मुझे बोलने नहीं दिया गया। मैं एप्सटीन और अडाणी पर बोलने वाला था,
लेकिन नरेंद्र मोदी सदन से उठकर भाग गए। वे मेरी आंखों में आंखें नहीं डाल सके। इनके पास ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स सब हैं, लेकिन हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस पार्टी ही नरेंद्र मोदी को हराएगी।”
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि “जनता समझ गई है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश को बेचने का काम कर रहे हैं। एयरपोर्ट, पोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर सब बेचा जा रहा है। चुनाव चोरी हो रहे हैं।
आपका पैसा छीनकर अडाणी-अंबानी को दिया जा रहा है। हरियाणा में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है। यह सिर्फ हरियाणा नहीं, पूरे देश की समस्या है। डिग्री मिल जाती है लेकिन नौकरी नहीं। छोटी इंडस्ट्री बंद हो रही है।”
राहुल गांधी ने कहा कि “हरियाणा के बारे में आप मुझे बेहतर जानते होंगे। यहां चुनाव बीजेपी ने चोरी किया। हरियाणा के अलावा पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी बीजेपी ने चुनाव चोरी किए। बीजेपी ने चुनाव चोरी का पूरा सिस्टम बना लिया है। लाखों नाम काट दिए जाते हैं, लाखों नए नाम जोड़ दिए जाते हैं। चुनाव आयोग उनके नियंत्रण में है। वे सोचने लगे हैं कि उनका राज कोई नहीं रोक सकता, लेकिन अब समय आने वाला है।”
राहुल गांधी ने कहा कि “इन्होंने लोकतंत्र की व्यवस्था पर हमला किया है और संविधान पर आक्रमण किया है। देश की जनता का हक संविधान में लिखा है। हम इसे कभी नहीं भूलेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। यह विचारधारा की लड़ाई है।
आरएसएस की विचारधारा बंटवारे की है जबकि कांग्रेस की विचारधारा मोहब्बत की है। आप देख लेना, बाकी सारी पार्टियां इनके सामने नहीं टिक पाएंगी। अंत में सिर्फ कांग्रेस खड़ी होगी और इन्हें हराएगी। याद रखो, आपको किसी से डरने की जरूरत नहीं है। नरेंद्र मोदी को कांग्रेस पार्टी हराएगी।”
भारत जोड़ो यात्रा से मिली सद्भाव यात्रा की प्रेरणा -बृजेंद्र सिंह
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि सद्भाव यात्रा पिछले सात महीनों से लगातार जारी है और अब तक करीब 2700 किलोमीटर की यात्रा के दौरान 85 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।
उन्होंने कहा कि यात्रा की प्रेरणा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मिली और यह उसी का विस्तार है।बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कानून व्यवस्था, मनरेगा और दलितों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए हैं। उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया कि इस प्रकार की यात्राएं हर राज्य, जिले और विधानसभा स्तर पर निकाली जानी चाहिए ताकि पार्टी का आमजन से सीधा जुड़ाव मजबूत हो सके।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी बृजेंद्र सिंह को सद्भाव यात्रा के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र, पूर्व सांसद राज बब्बर, राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, पूर्व सांसद अशोक तंवर समेत अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Add A Comment


