सीएम दरबार में पहुंचा कैथल में नियमों के खिलाफ नेशनल हाईवे पर वाटर पार्क स्थापित करने का मामला
कलायत के समाजसेवी राधेश्याम प्रजापति द्वारा 11 दिन अनशन करते हुए उठाया गया था मुद्दा
कलायत /8 मई / अटल हिन्द /तरसेम सिंह
कैथल में नेशनल हाईवे पर नियमों के खिलाफ एक वाटर पार्क का रास्ता खोलने व विभिन्न पहलुओं को लेकर कलायत के समाजसेवी राधेश्याम प्रजापति अब सीधे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित दरबार में पहुंच गए हैं।
प्रजापति ने मुख्यमंत्री को विस्तृत शिकायत देते हुए नेशनल हाईवे पर अवैध एंट्री लेकर क्रमवार जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से विभिन्न विभागों को शिकायतें भेजे जाने के बावजूद भी सडक़ सुरक्षा व जनहित से जुड़े नियमों की पालना को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
प्रजापति ने बताया कि वे जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में करोड़ों रुपए के घोटाले व नियमों के खिलाफ वाटर पार्क की ओपनिंग को लेकर 6 अप्रैल से 17 अप्रैल तक कलायत स्थित प्राचीन कपिल मुनि मंदिर में आमरण अनशन कर चुके हैं।
इस दौरान प्रशासन ने जांच और पार्क संचालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया था। लेकिन स्थिति जस की तस है। एनएचएआइ प्रोजेक्ट निदेशक द्वारा पार्क के नेशनल हाईवे पर अवैध रास्ते को बंद करने के लिए जिला प्रशासन को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के लिए पत्र भी लिखा गया।
अभी तक इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही का न होना यह दर्शाता है कि सरकार की पारदर्शी नीति को लेकर अधिकारी लापरवाह हैं। समाजसेवी राधेश्याम प्रजापति ने बताया कि सीएम ने शिकायत को संजीदगी से लेते हुए कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
Add A Comment


